डिंडौरी मध्यप्रदेश 

रिपोर्ट अखिलेश झारिया 

 

शहपुरा। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के संयुक्त तत्वावधान तथा नगर के श्रद्धालुओं के सहयोग से आषाढ़ शुक्ल नवमी के अवसर पर शहपुरा नगर में भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। उड़ीसा के पुरी की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा की तर्ज पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर रथ खींचा और भगवान के दर्शन किए।

 

रथयात्रा का शुभारंभ शहपुरा की प्राचीन देवी मड़िया मंदिर से हुआ, जहां भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ छप्पन भोग अर्पित किया गया। आरती के पश्चात तीनों देवों को आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ की रस्सी खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया।

 

रथयात्रा के दौरान पूरा नगर ‘जय जगन्नाथ’ और ‘हरे रामा, हरे कृष्णा’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। भगवान का रथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शिव शक्ति चौक स्थित शिव मंदिर पहुंचा, जहां विशाल भंडारे के साथ यात्रा का समापन हुआ।

यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया तथा प्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

 

रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात की समुचित व्यवस्था की गई। धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला यह आयोजन शहपुरा नगर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल रहा।

Leave A Reply

Exit mobile version