डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

गौरा कन्हारी में एक ही स्थान पर मिली विभागीय सेवाएं, 64 लोगों की स्वास्थ्य जांच; अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

डिंडौरी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत शनिवार को ग्राम पंचायत गौरा कन्हारी में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के साथ शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर निराकरण किए जाने की जानकारी दी गई। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए।

शिविर में डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

गांव में शिविर लगने से लोगों को मिल रही सुविधा

डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से जिला एवं विकासखंड मुख्यालय तक पहुंचने में लोगों को कई बार परेशानी होती है। गांव में ही शिविर लगने से योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही।

शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने ग्रामीणों से पानी, बिजली, सड़क, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और भूमि सहित अन्य समस्याओं को शिविर में दर्ज कराने और उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

कार्यालयों के चक्कर न लगाएं ग्रामीण, इसलिए गांव पहुंच रहा प्रशासन

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करना है। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में मिले आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और जिन मामलों का मौके पर निराकरण संभव नहीं है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में हल करने के निर्देश दिए।

बालक आश्रम का निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया संवाद

शिविर के दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह वृहद बालक आश्रम गौरा कन्हारी का निरीक्षण भी किया। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों से पढ़ाई, दैनिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान विद्यार्थियों को जूते-मोजे और पानी की बोतल प्रदान की गई तथा नियमित अध्ययन और अनुशासन के लिए प्रेरित किया गया।

64 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 40 की हुई रक्त जांच

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 64 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बुखार, रक्तचाप, शरीर दर्द, सिरदर्द और कमजोरी सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई। इसके साथ ही 40 लोगों की रक्त जांच भी की गई।

आयुष विभाग ने 70 लोगों का पंजीयन कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराईं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी।

Comments are closed.

Exit mobile version