डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
*जनकल्याण शिविरों से जुड़ेंगे हजारों हितग्राही, 12 से 18 जून तक जिलेभर में होगा आयोजन*
शासन की योजनाओं से वंचित पात्र नागरिकों का होगा पंजीयन, आवेदन स्वीकृति और हितलाभ वितरण
डिंडौरी, 10 जून। केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लेकिन वंचित हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 12 जून से 18 जून 2026 तक विशेष जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों में आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका पंजीयन, आवेदन स्वीकृति तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ प्रदान किए जाएंगे।
विश्व पर्यावरण दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मध्य संचालित होने वाले इस विशेष अभियान के सफल संचालन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 से 14 जून तक जनपद पंचायत डिंडौरी, नगर परिषद डिंडौरी एवं जनपद पंचायत अमरपुर में शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 15 से 17 जून तक जनपद पंचायत शहपुरा, नगर पंचायत शहपुरा, बजाग, करंजिया एवं समनापुर में शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा जनपद पंचायत मेहंदवानी में 16 से 18 जून तक जनकल्याणकारी शिविर आयोजित होंगे।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल एवं प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी के साथ आवेदन एवं पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, शिक्षा, ऊर्जा, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष, खाद्य, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सहकारिता, मत्स्य पालन, आजीविका मिशन तथा आत्मा परियोजना सहित अनेक विभागों की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विभागीय फ्लेक्स एवं बैनर प्रदर्शित किए जाएंगे तथा गांव-गांव मुनादी कराकर लोगों को शिविरों की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही लाभ प्राप्त कर सकें।
प्रशासन ने बताया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का पंजीयन एवं निराकरण सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही शिविर स्थलों पर विद्युत, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लें तथा पात्र हितग्राहियों को भी इन शिविरों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करें।
