छिंदवाड़ा देहात थाना _घर में घुसकर सोने के जेवर चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार,3.76 लाख के आभूषण जब्त
छिंदवाड़ा। थाना देहात पुलिस ने घर में घुसकर सोने के जेवर चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 3 लाख 76 हजार 800 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया सरिता पाटिल, निवासी ईशा नगर, थाना देहात छिंदवाड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 सितंबर 2026 से 16 अक्टूबर 2026 के बीच उनके घर से सोने के आभूषण चोरी हो गए। चोरी गए सामान में सोने के दो कंगन, एक सोने की चेन, दो कान के झाले, एक सोने की नथ और सोने की अंगूठी शामिल थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडे तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में थाना देहात प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पूछताछ में चोरी करना स्वीकार किया
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घर से सोने के आभूषण चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए आभूषण बरामद कर लिए। जब्त किए गए सोने के आभूषणों की कुल कीमत 3,76,800 रुपये है। मामले में आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक संजीव सिंह राजपूत, आरक्षक 779 संदीप बघेल, आरक्षक 275 मुकेश सिंह चौहान, आरक्षक 148 प्रशांत पटेल, सहायक उपनिरीक्षक 811 नितिन, आरक्षक 842 आदित्य सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की गई है,,
ब्यूरो पुलिसवाला छिंदवाड़ा_ अमित मिश्रा
