जिले में 27 मार्च 2026 को रामनवमी पर्व और 02 अप्रैल 2026 को हनुमान जयंती का पर्व मनाए जाएगा। इन त्यौहारों के दौरान कानून, शांति एवं अन्य व्यवस्था बनाये जाने के संबंध में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय की उपस्थिति में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यों से चर्चा के उपरांत विभिन्न सुझाव लिए गए और संबंधित अधिकारियों को तदनुरूप आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। शांति समिति के सभी सदस्यों ने ईद – उल – फितर पर्व के दौरान प्रशासन – पुलिस द्वारा की गई बेहतर कानून व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया और आगामी सभी त्यौहारों में भी पूरा सहयोग करते हुए सद्भाव, अमन और भाईचारे से त्यौहार मनाए जाने का भरोसा प्रशासन- पुलिस को दिलाया है।
कलेक्टर श्री नारायन ने रामनवमी और हनुमान जयंती की सभी सदस्यों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए जिले की परंपरा के अनुरूप इस बार भी सौहार्द्र के माहौल में हर्षोल्लास के साथ सभी त्यौहार मनाने की अपील की। उन्होंने चल समारोहों और रैलियों के दौरान लोहे के पाइप में झंडा न लगाने और डी.जे. वाहन के ऊपर किसी को भी चढ़ने न देने के संबंध में विशेष रूप से आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने आश्वत किया कि इस बार भी प्रशासन – पुलिस की सभी व्यवस्थाएं चाक – चौबंद रहेंगी। हर बार की तरह इस बार भी आपसी भाईचारे और समझदारी का परिचय देते हुए असामाजिक तत्वों की मंशा पूरी नहीं होने देना है। अधीक्षक श्री पांडेय ने बेहतर कानून व्यवस्था में पुलिस के सहयोग के लिए विभिन्न आयोजन समिति के सदस्यों से आग्रह किया। साथ ही आवश्यकता अनुरूप सभी आयोजन स्थलों पर आवश्यक पुलिस बल लगाने के लिए आश्वत किया।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एएसपी श्री आशीष खरे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी.राय, डीएसपी ट्रैफिक श्री आर.पी. चौबे सहित बिजली, पी.डब्लू.डी. सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं समिति के शासकीय एवं अशासकीय सदस्यगण मौजूद थे। कलेक्टर श्री नारायन ने समिति के सदस्यों से विभिन्न सुझाव और फीडबैक लेने के उपरांत निर्देश दिए कि सभी आयोजन स्थलों, शोभायात्रा, जुलूस मार्ग, कलश मार्ग, जवारे विसर्जन मार्ग एवं जवारे विसर्जन स्थल छोटा तालाब में साफ-सफाई, गोताखोरों, प्रकाश, पेयजल की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करें। अतिक्रमण हटवाएं। यातायात व्यवस्था के लिए समुचित प्लानिंग कर लें। फायर बिग्रेड, एंबुलेंस आदि तैयार रखें। पर्व के दौरान विद्युत प्रवाह निरंतर चालू रखें और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समिति के सदस्यों से आग्रह किया कि पर्वों के दौरान शुद्ध एवं साफ प्रसाद का वितरण होना ही सुनिश्चित किया जाए। खाद्य निरीक्षक को प्रसाद की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपलिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शोभा यात्रा, बाइक रैली अथवा चल समारोह निकाले जाने के लिए एसडीएम के माध्यम से लिखित अनुमति लेनी होगी। जुलूस में धारदार हथियार के प्रदर्शन एवं उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। रैली में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि चूंकि जिले में डी.जे. प्रतिबंधित है, इसलिए लाउड स्पीकर का उपयोग अत्यंत धीमी गति से किया जाएगा। लाउड स्पीकर के उपयोग के लिए एसडीएम से नियमानुसार अनुमति लेना आवश्यक होगा।
इसके अतिरिक्त जिले के हिंगलाज मंदिर, कपूर्दा, शालीवाड़ा शारदा, कोसमी, सिमरिया हनुमान मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं करने और स्थानीय मंदिर समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी आयोजनों के दौरान आमजन को जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देते हुए डस्टबिनों का उपयोग करने और कचरा न फैलाने के लिए जागरूक करने की अपील की गई है।
Trending
- छिंदवाड़ा :जिला शांति समिति की बैठक संपन्न, रामनवमी एवं हनुमान जयंती पर प्रशासन की व्यवस्था
- छिन्दवाड़ा:दमुआ पुलिस की कार्यवाही, गंभीर मारपीट के दो आरोपियों की गिरफ्तारी
- रायगढ़ जिला प्रशासन की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: 72 घंटों में अफीम नेटवर्क ध्वस्त, ड्रोन से रखी जा रही पैनी नजर
- उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत महापरीक्षा आयोजित
- जल जोहार की थीम पर चन्द्रखुरी में जल संरक्षण एवं संवर्धन पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
- शिव सेना (शिंदे) संगठन के कार्यकर्ताओं ने बलवारी बालाजी दरबार में टेका मत्था, सेवा का लिया संकल्प
- चैकिंग के दौरान अवैध पिस्टल सहित 2 आरोपी गिरफ्तार
- कल्याणपुर पंचायत में जल-कर घोटाले का खेल: पानी गायब, पैसे भी लापता!

