टेलीफोनिक मुलाकात के दौरान खींची गई तस्वीर वायरल, जेल के प्रतिबंधित क्षेत्र में फोटो किसने ली? वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची शिकायत, जेल अधीक्षक ने जांच का दिया आश्वासन।
छिंदवाड़ा। जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक नया मामला सामने आया है। जेल में बंद गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष की टेलीफोनिक मुलाकात के दौरान खींची गई एक तस्वीर सामने आने के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जेल में बंद कैदी की टेलीफोनिक मुलाकात के दौरान किसी व्यक्ति द्वारा तस्वीर खींची गई, जो अब सामने आई है। जबकि जेल नियमों के अनुसार मुलाकात कक्ष के आसपास फोटो और वीडियो बनाना प्रतिबंधित है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल या कैमरे से तस्वीर कैसे खींची गई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है?
मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई है। शिकायत के बाद जेल प्रशासन की भूमिका भी चर्चा में आ गई है। वहीं, जेल अधीक्षक ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
अब जांच में सामने आएगा सच
इस पूरे मामले में यह पता लगाना जरूरी है कि तस्वीर किसने खींची, क्या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन हुआ और यदि हुआ तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस घटना ने जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंधित गतिविधियों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। *ब्यूरो पुलिसवाला छिंदवाड़ा_ अमित मिश्रा*





