छत्तीसगढ़ के प्रयागराज के नाम से प्रसिद्ध राजिम में आज जिला प्रशासन के नेतृत्व में आमजन की सुरक्षा एवं त्वरित सहायता के उद्देश्य से डायल 112 वाहनों का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में विधायक रोहित साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, जिला कलेक्टर भगवानदास उईके एवं पुलिस अधीक्षक चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर डायल 112 वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर पूरे कार्यक्रम स्थल में उत्साह और जनसुरक्षा के प्रति जागरूकता का माहौल देखने को मिला।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की सुरक्षा और सुविधा के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा डायल 112 सेवा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों के लिए संजीवनी और संकट मोचन साबित होगी।
पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की बड़ी जिम्मेदारी होती है और डायल 112 सेवा इस दिशा में एक मजबूत कदम है।
पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस सेवा से अपराध नियंत्रण एवं दुर्घटनाओं में राहत कार्य और अधिक प्रभावी होगा।
जिला कलेक्टर भगवानदास उईके ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा डायल 112 सेवा से आम नागरिकों को तत्काल मदद मिल सकेगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक चंद्राकर जी ने कहा कि पुलिस विभाग जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और डायल 112 सेवा के माध्यम से अब हर आपात स्थिति में पहले से अधिक तेजी और तत्परता के साथ सहायता पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। डायल 112 सेवा के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद
