चुटका परमाणु परियोजना: 44 विस्थापित परिवारों ने नए आशियाने में रखा कदम

 

पीएचई मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके ने कराया गृह प्रवेश,

 

अब तक 119 परिवार हुए पुनर्वासित, प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को मिलेगा रोजगार

 

मंडला चुटका परमाणु परियोजना के अंतर्गत प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रविवार को ग्राम गौंझीमाल स्थित आर एंड आर (पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन) कॉलोनी में 44 विस्थापित परिवारों का गृह प्रवेश कराया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके ने नए आवासों में पहुंचकर परिवारों का स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मंत्री श्रीमती उईके ने परिवारों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि पुनर्वास केवल मकान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार को बेहतर जीवन, सुरक्षा और सुविधाएं प्रदान करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने पुनर्वास अवार्ड राशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित करते हुए परिवारों को राशि का उपयोग भविष्य के विकास एवं आजीविका सुदृढ़ करने में करने की सलाह दी।

उन्होंने घोषणा की कि पुनर्वास कॉलोनी में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था को ध्यान में रखते हुए श्रीराम, हनुमान, राधा-कृष्ण तथा जनजातीय संस्कृति के आराध्य बड़ादेव मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए आगामी दो दिनों के भीतर स्कूल का संचालन प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री श्रीमती उईके ने बताया कि परियोजना से प्रभावित प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को आउटसोर्स माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि न्यूक्लियर पावर कॉर्पाेरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) की चुटका परमाणु परियोजना के तहत कुल 330 परिवार पुनर्वास के दायरे में हैं। इनमें से अब तक 119 परिवारों को गौंझीमाल स्थित आधुनिक पुनर्वास कॉलोनी में बसाया जा चुका है, जबकि शेष परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने विस्थापित परिवारों को आश्वस्त किया कि पुनर्वास के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नए आवासों में शिफ्ट हुए 44 परिवारों के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक माह तक निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है। साथ ही सभी आवश्यक सेवाओं एवं सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

गौंझीमाल पुनर्वास कॉलोनी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां स्वच्छ पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पक्की सड़कें, सुदृढ़ नाली व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे विस्थापित परिवारों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक जीवन मिल सके।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम निवास श्री सी.एल. वर्मा, तहसीलदार श्री हिमांशु भलावी, नायब तहसीलदार श्री अजय श्रीवास्तव, स्थानीय सरपंच श्री विश्राम, एनपीसीआईएल के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

मंडला से अशोक मिश्रा की रिपोर्ट

Leave A Reply

Exit mobile version