सफलता की कहानी
जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे बच्चे की सफल सर्जरी, परिवार में लौटी खुशियां
मुंगेली, 30 अप्रैल 2026// जिले में संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु योजना) जीवनदायिनी साबित हुई है। मुंगेली विकासखंड के ग्राम सारंगपुर निवासी 03 वर्षीय अर्नव मोहले, जो जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित था, जो चिरायु योजना के तहत टीम की तत्परता, संवेदनशीलता और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आज पूरी तरह स्वस्थ है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार के मार्गदर्शन में चिरायु टीम द्वारा स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में अर्नव की जांच में गंभीर बीमारी का पता चला। बच्चे का ऑक्सीजन स्तर काफी कम था, जिससे उसे सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई हो रही थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिरायु टीम ने तुरंत उसे जिला चिकित्सालय मुंगेली रेफर किया। आवश्यक जांचों के बाद उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, जहां इको टेस्ट में ट्रेटालॉजी ऑफ फेलोट और पल्मोनरी स्टेनोसिस जैसी जटिल हृदय बीमारी की पुष्टि हुई। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए अर्नव को एम्स दिल्ली एवं सत्य साईं अस्पताल रायपुर में भी दिखाया गया। विशेषज्ञों ने सर्जरी की आवश्यकता बताई। एम्स दिल्ली में लंबी प्रतीक्षा सूची के चलते चिरायु टीम ने अपोलो चिल्ड्रन हॉस्पिटल, चेन्नई से संपर्क किया, जहां विशेषज्ञों ने दो चरणों में सर्जरी करने की सलाह दी। दिनांक 29 जुलाई 2025 को अर्नव की पहली सफल सर्जरी हुई, जबकि 24 मार्च 2026 को जटिल ओपन हार्ट सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। आज अर्नव पूरी तरह स्वस्थ है और उसके परिवार में खुशी का माहौल है। इस पूरे उपचार का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया गया। अर्नव के माता-पिता ने भावुक होकर कहा कि चिरायु योजना उनके लिए जीवन का नया उपहार लेकर आई है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, चिरायु टीम और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए सच में वरदान साबित हो रही है।
राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली







