सड़क किनारे जलभराव वाले गड्ढों में बैठे कांग्रेस नेता, सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी; जल्द मरम्मत नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
गरियाबंद। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130C (गरियाबंद–देवभोग–ओडिशा मार्ग) की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। मैनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क किनारे बने बड़े-बड़े और जलभराव वाले गड्ढों में बैठ गए और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जर्जर सड़क बनी राहगीरों के लिए मुसीबत
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि झरियाबहरा से मदांगुड़ा–गोहरापदर तक NH-130C की सिंगल सड़क बारिश के मौसम में बेहद जर्जर हो गई है। सड़क के दोनों ओर बनी पटरी में जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। सामने से भारी वाहन आने पर साइड देने के लिए जैसे ही वाहन चालक सड़क से नीचे उतरते हैं, वाहन गड्ढों में फंसने अथवा पलटने का खतरा बना रहता है। इसके चलते कई बार लंबे जाम और दुर्घटना जैसी स्थिति निर्मित हो रही है।
गड्ढों में बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी
सड़क की दुर्दशा के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने हाईवे किनारे पानी से भरे गड्ढों में बैठकर अपना विरोध जताया। कार्यकर्ताओं के हाथों में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के मंत्रियों की तस्वीरें थीं। कांग्रेस नेताओं ने सड़क की तत्काल मरम्मत और मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह मार्ग रायपुर को ओडिशा से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री और मालवाहक वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क के रखरखाव में लापरवाही के कारण बारिश के दिनों में राहगीरों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव ने कहा कि सड़क की बदहाली अब केवल परेशानी नहीं, बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। उन्होंने शासन-प्रशासन से गड्ढों की तत्काल मरम्मत और सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन एवं संबंधित विभाग की होगी।
राहगीरों ने भी जताया समर्थन
प्रदर्शन के दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों, यात्रियों और राहगीरों ने भी सड़क की बदहाली को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन का समर्थन किया। लोगों का कहना था कि सड़क की खराब स्थिति से रोजाना आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, महामंत्री गेन्दु यादव, आदिवासी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दुलेन्द्र नेगी, सचिव लिकेश यादव, डोमार साहू, अर्जुन नायक, तीव कुमार सोनी, प्रमोद नेताम, इम्तियाज मेमन, इमरान रजा, गौकरण नागेश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







![[13:12, 11/10/2026] +91 88176 18595: पंजीयन के अंतिम दिन गांवों में पहुंचे जनप्रतिनिधि, धान पंजीयन की समस्याएं कराईं दूर, WhatsApp Image 2026 10 11 at 13.13.17 1](https://policewala.org.in/wp-content/uploads/2026/10/WhatsApp-Image-2026-10-11-at-13.13.17-1-450x562.jpeg)