डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
शहपुरा। नगर में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पोल कटिंग स्थल सहित तीन होटल एवं नाश्ता केंद्रों से कुल पांच घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। कार्रवाई के दौरान संबंधित ठेकेदार और होटल संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए गए।
यह कार्रवाई एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा के निर्देश पर सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी द्वारा की गई। नगर के विभिन्न स्थानों पर एक साथ की गई जांच में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान मानस भवन चौपाटी परिसर में विद्युत पोल की कटिंग का कार्य घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की सहायता से किया जाता मिला। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि घरेलू उपयोग के लिए जारी सिलेंडर का उपयोग निर्माण कार्य में किया जा रहा था। इस पर सहायक आपूर्ति अधिकारी ने मौके पर ही सिलेंडर जब्त कर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक प्रकरण दर्ज किया।
इसी अभियान के तहत नगर के आकाश समोसा सेंटर से एक, अन्नू चाइनीज सेंटर से एक तथा लक्ष्य नाश्ता सेंटर से दो घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में पाए गए। सभी चारों सिलेंडरों को जब्त कर संबंधित होटल संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी ने बताया कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए जारी किए जाते हैं। इनका होटल, ढाबा, निर्माण कार्य, वेल्डिंग अथवा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में उपयोग एलपीजी (आपूर्ति एवं वितरण) नियंत्रण आदेश तथा निर्धारित नियमों का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखे हुए है और भविष्य में भी घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

