डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

शहपुरा अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, गांव में शोक की लहर

शहपुरा। डिण्डौरी जिले के शहपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिटरी में सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना में छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पिटरी निवासी सुनील मरावी के छह वर्षीय पुत्र दिलराज मरावी को शुक्रवार सुबह घर के समीप एक जहरीले सांप ने काट लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों एवं ग्रामीणों ने सांप की तलाश कर उसे मार दिया, लेकिन बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय घरेलू उपचार का सहारा लिया गया।

बताया जाता है कि घरेलू उपचार में काफी समय व्यतीत होने के बाद जब बच्चे की हालत गंभीर होने लगी, तब परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया तथा शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मासूम दिलराज की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं गांव में भी शोक की लहर व्याप्त है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सर्पदंश की स्थिति में घरेलू उपचार के बजाय पीड़ित को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना चाहिए, जिससे समय रहते उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

Comments are closed.

Exit mobile version