डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
कनेरी में स्कूली छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे का हुआ जोरदार स्वागत
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व गुरुवार, 13 अगस्त को मेंहदवानी क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल नजर आया। क्षेत्र के बिछिया, कनेरी, कोशमघाट, कुटरई, सारसडोली और कन्हारी सहित विभिन्न गांवों में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। इनमें ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कनेरी में स्कूली छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर गांव में तिरंगा रैली निकाली। देशभक्ति के नारों के साथ विद्यार्थियों ने अनुशासनपूर्वक रैली में हिस्सा लिया। रैली के दौरान पूरे गांव में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश गूंजता रहा। विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कनेरी से तिरंगा यात्रा आगे के लिए रवाना हुई। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे का ग्रामीणों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने जोरदार स्वागत किया। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की।
कई गांवों में दिखा देशभक्ति का उत्साह
मेंहदवानी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में निकली तिरंगा यात्राओं से स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। गांवों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। यात्राओं ने ग्रामीण अंचल में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और अधिक जीवंत बना दिया।
