गांजा तस्करी के दो मामलों में फरार मुख्य आरोपी व महिला रायपुर पुलिस की गिरफ्त में, ₹12.79 लाख का मशरूका बरामद
रायपुर:
रायपुर कमिश्नरेट के अंतर्गत एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF), एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम को नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नारकोटिक एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी शिवम सोनी और उसकी महिला सहयोगी काजल साहू को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कुशल निर्देशन में डीसीपी (क्राईम एवं सायबर/पश्चिम क्षेत्र) के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
यह पूरा मामला बीते ८ मई २०२६ का है, जब संयुक्त टीम को अभनपुर की ओर से एक सफेद स्विफ्ट कार में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। भाठागांव-खुड़मुड़ा रोड पर की गई नाकेबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया और अंधेरे का फायदा उठाकर कार छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने जब लावारिस कार की तलाशी ली, तो उसमें से कुल २१.१७३ किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, डीजल और कुछ निजी दस्तावेज बरामद हुए। जप्त की गई कार और गांजे सहित कुल सामग्री की कीमत लगभग १२,७९,०००/- रुपये आंकी गई थी, जिसके बाद पुरानी बस्ती थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों और गहन विवेचना के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी (हाल निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर) के २४ वर्षीय आरोपी शिवम सोनी और मंदिर हसौद क्षेत्र की रहने वाली २८ वर्षीय काजल साहू को धर दबोचा। पकड़े गए मुख्य आरोपी शिवम सोनी का एक पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह इसी साल ७ फरवरी २०२६ को न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के लालपुर ओवरब्रिज के पास हुई एक अन्य गांजा तस्करी (अपराध क्रमांक ५६/२०२६) की कार्रवाई के दौरान भी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। उस मामले में पुलिस ने २०.३०० किलोग्राम गांजे के साथ उसके साथी हिमांशु केशरवानी को गिरफ्तार किया था। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
रिपोर्ट;मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

 

 

Leave A Reply

Exit mobile version