रायपुर, 23 सितंबर 2026। गणेश विसर्जन झांकियों के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा C-4 भवन में गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रायपुर कमिश्नरेट के विभिन्न जोन, क्राइम एवं यातायात के डीसीपी तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन, नगर निगम, PWD, स्वास्थ्य विभाग एवं SDRF के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में अधिकारियों ने आयोजकों को निर्धारित रूट, समय एवं क्रम का पालन करने, झांकियों को अनावश्यक रूप से नहीं रोकने तथा पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही नशे का सेवन नहीं करने, हथियार अथवा धारदार वस्तु नहीं रखने और ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने पर जोर दिया गया। आपातकालीन वाहनों एवं पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखने और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई।

बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को लेकर विशेष चर्चा हुई। सुरक्षा की दृष्टि से झांकियों के मार्ग में परिवर्तन का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर आयोजकों ने असहमति व्यक्त की। हालांकि, सदर बाजार क्षेत्र में ध्वनि यंत्रों का साउंड निर्धारित मानक के अनुरूप रखने तथा बेस एवं वाइब्रेशन मोड बंद रखने पर आयोजकों ने सहमति जताई। साथ ही पुलिस, प्रशासन, नगर निगम एवं SDRF द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने पर भी सहमति बनी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विसर्जन झांकियों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी समितियों से पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

रिपोर्टर : मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.

Exit mobile version