नीमच। गणेश उत्सव के दौरान गणेश प्रतिमाओं एवं पंडाल स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर नीमच पुलिस ने आयोजकों के लिए विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने आयोजकों से अपील की है कि गणेश प्रतिमा स्थापना एवं पंडाल आयोजन के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

नीमच पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी में आयोजकों को निम्न सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं—

1. सीसीटीवी कैमरे लगाएं

गणेश प्रतिमा एवं पंडाल स्थल पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखी जा सके।

2. अग्नि सुरक्षा की व्यवस्था करें

गणेश प्रतिमा एवं पंडाल स्थल पर पर्याप्त मात्रा में पानी, रेत तथा अन्य ज्वलनशील वस्तुओं को रोकने वाली सामग्री रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपयोग किया जा सके।

3. स्टेज की ऊंचाई कम रखें

गणेश प्रतिमा की स्थापना के लिए स्टेज को मजबूत बनाते हुए उसकी ऊंचाई कम रखें, ताकि स्टेज के नीचे मवेशी या अन्य जानवर प्रवेश न कर सकें।

4. रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखें

रात्रि के समय पंडाल एवं गणेश प्रतिमा स्थल के चारों तरफ पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

5. विद्युत एवं ज्वलनशील पदार्थों से सावधानी बरतें

पंडाल के आसपास विद्युत ट्रांसफार्मर एवं खुले बिजली के तार न हों। ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित दूरी पर रखा जाए।

6. यातायात व्यवस्था बाधित न हो

गणेश प्रतिमा एवं पंडाल स्थापित करते समय मार्गों का विशेष ध्यान रखें, ताकि किसी भी प्रकार से यातायात बाधित न हो।

7. 24 घंटे निगरानी रखें

सुरक्षा की दृष्टि से गणेश प्रतिमा एवं पंडाल पर 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था रखें। रात्रि 12 बजे से सुबह 8 बजे तक वालेंटियर की उपस्थिति का रजिस्टर भी संधारित करें।

8. पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करें

पंडाल के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं एवं वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

9. पुलिस से समन्वय बनाए रखें

गणेश प्रतिमा एवं पंडाल की सुरक्षा को लेकर आयोजक समय-समय पर पुलिस से समन्वय बनाए रखें तथा आवश्यक जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं।

10. सुरक्षा की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी

गणेश प्रतिमा एवं पंडाल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संपूर्ण जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। आयोजकों से सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने की अपील की गई है।

11. आपात स्थिति में तत्काल संपर्क करें

किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस द्वारा 70491042, 07423222800 एवं डायल 112 पर संपर्क करने की अपील की गई है।

नीमच पुलिस ने गणेश उत्सव के दौरान सभी आयोजकों एवं श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से उत्सव मनाने की अपील की है।

जिला ब्यूरो नीमच

ललित सिंह चुंडावत

Leave A Reply

Exit mobile version