उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1410 नशीली टैबलेट के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “उजियारा” अभियान के तहत कोरर पुलिस ने सूखे नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से व्यवसायिक मात्रा में ALPRAZOLAM टैबलेट ALZOMAC-0.5 की कुल 1410 नग गोलियां, नकद बिक्री रकम और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 70 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में नशे के विरुद्ध संचालित अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल के मार्गदर्शन में थाना कोरर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को 13 सितंबर को सूचना मिली थी कि किशनपुरी स्कूल के पास कुछ लोग अवैध नशीली टैबलेट की खरीदी-बिक्री के लिए एकत्रित हुए हैं। सूचना पर कोरर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खरीददारों के साथ नशीली टैबलेट बेचने पहुंचे आरोपी को पकड़ा। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से ALPRAZOLAM टैबलेट ALZOMAC-0.5 की 1410 नग गोलियां, जिनका वजन लगभग 183 ग्राम और अनुमानित कीमत 25 हजार 500 रुपये है, बरामद की गईं।WhatsApp Image 2026 09 14 at 17.59.15 1
पुलिस के अनुसार, नशीली टैबलेट की तस्करी के लिए बालोद से पहुंचे आरोपी शेख सादिक अनस के कब्जे से बिक्री की रकम 6 हजार रुपये नगद तथा करीब 25 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। वहीं आरोपी हिमांशु साहू से करीब 20 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस प्रकार नशीली टैबलेट, मोबाइल फोन और नगद रकम सहित कुल करीब 70 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
मामले में पुलिस ने शेख शादाब खान उर्फ सद्दू (25 वर्ष), निवासी बाजारपारा भानुप्रतापपुर, हिमांशु साहू (22 वर्ष), निवासी बिजलीपारा चारामा, वसीम खान (19 वर्ष), निवासी महापारा चारामा तथा शेख सादिक अनस (25 वर्ष), हाल निवासी मोहारपारा बालोद एवं मूल निवासी अधारी नवागांव धमतरी को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम की धारा 22(ग) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोरर निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी राजेंद्र साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक ऋषभ वाजपेई, सहायक उप निरीक्षक उमेश वर्मा, छत्रपाल सिंह साहू, प्रधान आरक्षक कन्हैयालाल पटेल, लकेश कुमार रावते, प्रधान आरक्षक टिकेश कुमार मरकाम, आरक्षक प्रेम सिंह टेकाम, विनोद साहू, ईश्वर कावड़े, तिलक मेश्राम, चन्द्रहास विश्वकर्मा, अशोक मार्गीया, साइबर सेल आरक्षक हिमेश मंडावी, महिला आरक्षक सेवती तथा सैनिक रामचंद उइके की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपराध और नशे के कारोबार पर नियंत्रण पुलिस एवं आम जनता की साझा जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना कांकेर पुलिस अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दी जा सकती है। पुलिस ने सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात कही है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज

Leave A Reply

Exit mobile version