गरियाबंद। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले पुलिस वाला न्यूज की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर बंगले के समीप राम-जानकी मंदिर, गौरीशंकर मंदिर एवं हनुमान मंदिर के पास वर्षों पुराने जर्जर नीलगिरी वृक्ष को लेकर कल प्रकाशित समाचार के बाद आज प्रशासन सक्रिय हो गया। संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वृक्ष की खतरनाक शाखाओं की कटाई-छंटाई का कार्य शुरू कर दिया।

गौरतलब है कि इस जर्जर वृक्ष को लेकर गरियाबंद के अधिवक्ता श्री नरेंद्र देवांगन ने संभावित जनहानि की आशंका जताते हुए कलेक्टर गरियाबंद को लिखित शिकायत सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में उल्लेख किया गया था कि मंदिर परिसर एवं कलेक्टर बंगले के सामने होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, आम नागरिकों एवं अधिकारियों का आवागमन रहता है। ऐसे में किसी भी समय वृक्ष की बड़ी शाखा गिरने से गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

इसके बावजूद लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी थी। मामले को पुलिस वाला न्यूज ने प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया। समाचार प्रकाशित होने के अगले ही दिन संबंधित विभाग अलर्ट मोड में आया और सुरक्षा की दृष्टि से वृक्ष की कटाई-छंटाई का कार्य प्रारंभ कर दिया।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से संभावित हादसे को टाला जा सका। उन्होंने यह भी कहा कि जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और पुलिस वाला न्यूज ने अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

यह कार्रवाई इस बात का प्रमाण है कि जब जनहित की आवाज़ मजबूती से उठाई जाती है, तो प्रशासन भी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को बाध्य होता है।

नेहरू साहू
जिला ब्यूरो प्रमुख, पुलिस वाला न्यूज, गरियाबंद

Comments are closed.

Exit mobile version