राजनांदगांव (27 जुलाई 2026): जिले में सुरक्षित सफर और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात शाखा की टीम ने शहर के कई प्रमुख स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया और उनका पालन करने का संकल्प दिलाया।
इस अभियान के तहत यातायात अधिकारी सहायक उप निरीक्षक कुंज लाल साहू, शरद मसीह, प्रधान आरक्षक खम्हन सिन्हा तथा आरक्षक सोमेश सिंह, रविकांत देवांगन और संदीप कुर्रे ने रॉयल किड्स कॉन्वेंट स्कूल, बाल भारती पब्लिक स्कूल, गुरु नानक स्कूल, पदुमलाल पुन्नालाल बक्शी स्कूल, वेसलियन स्कूल, वाइडनियर स्कूल एवं जेएमजे स्कूल के विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की बारीकियों से अवगत कराया।
पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, दोपहिया पर हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने तथा गति सीमा में रहने की सलाह दी। साथ ही, जेब्रा क्रॉसिंग और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने के महत्व को समझाया गया। यातायात पुलिस ने छात्रों को प्रेरित किया कि वे न केवल स्वयं जिम्मेदार नागरिक बनें, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने में अपनी सहभागिता निभाएं।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.

Exit mobile version