रायपुर। राजधानी में कार चालकों का ध्यान भटकाकर वाहन के अंदर रखे कीमती सामान चोरी करने का नया तरीका सामने आया है। हाल ही में थाना गंज में दर्ज एक प्रकरण के बाद रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कार चालक को रास्ते में यह कहकर रोका कि कार के बोनट के सामने ऑयल गिर रहा है या वाहन में लीकेज है। चालक ने कार को किनारे खड़ा कर बोनट की जांच शुरू कर दी और कार सर्विसिंग से संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने में व्यस्त हो गया। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने कार में रखा बैग चोरी कर लिया। बैग में नकदी, बैंक संबंधी दस्तावेज सहित अन्य महत्वपूर्ण सामान रखा था।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोई व्यक्ति रास्ते में ऑयल गिरने, टायर में खराबी या कार से आवाज आने जैसी बात कहकर अचानक रोकने का प्रयास करे तो तत्काल सतर्क हो जाएं। कार से बाहर निकलने से पहले कीमती सामान अपने पास सुरक्षित रखें और वाहन में सामान होने की स्थिति में कार को लॉक करना न भूलें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर सुनसान स्थान पर वाहन रोकने से बचें। संदेह की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।
पुलिस ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी से इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता है। रास्ते में मदद के नाम पर ध्यान भटकाने वाले लोगों से सतर्क रहना जरूरी है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version