एकलव्य स्कूल में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का मामला, फरार कम्प्यूटर शिक्षक राजस्थान से गिरफ्तार
बीजापुर। भोपालपटनम थाना क्षेत्र के एकलव्य रेसिडेंसियल स्कूल रूद्रारम में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे कम्प्यूटर शिक्षक को बीजापुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी देवेन्द्र कुमार दहिया, पिता उमेद सिंह दहिया, उम्र 34 वर्ष, को झालावाड़, राजस्थान से पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमाण्ड पर बीजापुर लाकर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को पीड़िता की माता ने भोपालपटनम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना भोपालपटनम में बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 32/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक, बीजापुर, उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए SIT का गठन किया गया। आरोपी की पतासाजी के लिए दो अलग-अलग पुलिस टीमों को राजस्थान और हरियाणा रवाना किया गया था। तकनीकी आसूचना के आधार पर लगातार निगरानी और घेराबंदी करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को झालावाड़, राजस्थान से हिरासत में लिया।
आरोपी को ट्रांजिट रिमाण्ड पर बीजापुर लाने के बाद थाना भोपालपटनम में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई और उसे न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version