कांकेर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, सरपंच समेत चार गिरफ्तार

 

​नरहरपुर (उत्तर बस्तर कांकेर)।

कांकेर पुलिस ने लगभग आठ महीने पुराने एक अंधे कत्ल के मामले का पर्दाफाश करते हुए ग्राम डुमरपानी के सरपंच सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जमीन बिक्री की राशि में हुए गबन को छुपाने के लिए इस पूरी हत्या की साजिश रची गई थी।

​जमीन के पैसों की हेराफेरी बनी हत्या की वजह

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जुलाई 2025 में डुमरपानी निवासी 75 वर्षीय मिलन पटेल की जहर सेवन के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिस पर पुलिस जांच कर रही थी। मृतक की बेटी जागेश्वरी पटेल और गवाहों के संदेह के आधार पर जब संदेही वतन पटेल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो इस पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ। पूछताछ में पता चला कि मृतक मिलन पटेल ने अप्रैल माह में अपनी जमीन 16 लाख 50 हजार रुपये में बेची थी। इस सौदे में सहयोगी रहे सरपंच कंशराम नेताम, सोनाराम सिन्हा और बिहारी लाल शोरी ने पैसों में भारी हेर-फेर किया था और चेक भी अपने पास रख लिया था। जब मृतक की बेटी को इसकी भनक लगी और उसने गांव में बैठक बुलाने की बात कही, तो पोल खुलने के डर से सरपंच कंशराम नेताम ने मास्टरमाइंड बनकर मिलन पटेल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

​₹10,000 और शराब का लालच देकर कराया मर्डर

सरपंच ने आरोपी सोनाराम और बिहारी लाल को 10,000 रुपये, शराब और जहर देकर वतन पटेल के पास भेजा। वतन पटेल को और पैसे देने का लालच देकर तैयार किया गया, जिसने मिलन पटेल को स्टील के गिलास में शराब के साथ जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। अपराध सिद्ध होने पर पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता सरपंच कंशराम नेताम (46), वतन पटेल (36), सोना राम सिन्हा (40) और बिहारी लाल शोरी (78) को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

​पुलिस टीम की तत्परता

पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक (डीआरजी) श्री अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाया गया। इस त्वरित व प्रभावी कार्यवाही में चौकी प्रभारी हल्बा निरीक्षक कोमल भूषण पटेल, नरहरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश बघेल, सउनि चेतन साहू, राकेश स्वर्ण, पल्टू राम मंडावी और उनकी पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

​कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपराध नियंत्रण के लिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर जरूर दें, सूचनाकर्ता का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version