रायपुर | 22 अप्रैल 2026

राजधानी के नॉर्थ जोन में खाकी का मान बढ़ाने वाले जांबाज पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आज का दिन गौरवशाली रहा। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर ने पुलिसिंग में उत्कृष्टता, समर्पण और जनसेवा की मिसाल पेश करने वाले जवानों को “कॉप ऑफ द मंथ” के सम्मान से नवाजा। प्रशस्ति पत्र और नकद इनाम के साथ मिले इस प्रोत्साहन ने न केवल विभाग का मनोबल बढ़ाया है, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा की एक नई लकीर भी खींची है।
इस सम्मान सूची में गुढ़ियारी थाना प्रभारी निरीक्षक बी.एल. चंद्राकर का नाम विशेष गौरव के साथ उभरकर सामने आया है। क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में उनकी भूमिका अत्यंत प्रभावशाली रही है। टीआई चंद्राकर ने गुढ़ियारी जैसे घनी आबादी वाले और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में अपनी टीम का कुशल नेतृत्व करते हुए न केवल जटिल मामलों का त्वरित खुलासा किया, बल्कि पुलिस और जनता के बीच के सेतु को भी मजबूती प्रदान की। उनके मार्गदर्शन में हुई प्रभावी कार्यवाहियों ने अपराधियों में खौफ और आम नागरिकों में सुरक्षा का अटूट विश्वास पैदा किया है। उनके साथ गुढ़ियारी थाना और रामनगर चौकी के अन्य सदस्यों का सम्मानित होना, उनके द्वारा विकसित किए गए उत्कृष्ट टीम वर्क और कार्यकुशलता का ही परिणाम है।

 


सम्मानित होने वाले अन्य वीरों में खम्हारडीह थाने से प्रधान आरक्षक देवेन्द्र कुमार ध्रुव और महिला प्रधान आरक्षक खेमिन साहू शामिल हैं, जिन्होंने अपने क्षेत्र में सक्रियता की मिसाल पेश की। खमतराई थाने के आरक्षक ताराचंद दीवान और उरला के आरक्षक नरेश प्रधान को उनकी त्वरित कार्यवाही के लिए सराहा गया, वहीं पंडरी थाने से महिला प्रधान आरक्षक कांती देवी गायकवाड़ ने अपने समर्पण से विभाग का सिर ऊंचा किया।
पुलिस उपायुक्त श्री मयंक गुर्जर ने इस अनूठी पहल के माध्यम से विभाग में एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक वातावरण निर्मित किया है। उन्होंने सभी पुरस्कृत कर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि यह सम्मान उनके कठिन परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से कहा कि वे इसी प्रकार पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें ताकि समाज में पुलिस की छवि और अधिक सुदृढ़ हो सके।

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply