धवारी महाविद्यालय में आयोजित होगा स्वास्थ्य शिविर
सतना मध्य प्रदेश
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत जन्मजात कटे होंठ एवं फटे तालू से पीड़ित 0 से 18 वर्ष आयु तक के बच्चों के लिए विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 13 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे से शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय धवारी, सतना के हॉल में आयोजित होगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि शिविर में दुबे सर्जिकल हॉस्पिटल जबलपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किया जाएगा। परीक्षण के उपरांत ऑपरेशन अथवा उपचार की आवश्यकता वाले बच्चों का चयन किया जाएगा तथा पात्र बच्चों के निःशुल्क ऑपरेशन एवं उपचार की व्यवस्था की जाएगी। शिविर में केवल नए मरीज ही नहीं, बल्कि ऐसे बच्चे जिनका पूर्व में कटे होंठ अथवा फटे तालू का ऑपरेशन हो चुका है, वे भी उपस्थित होकर फॉलोअप जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर में लेकर आएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों, आरबीएसके मोबाइल हेल्थ टीमों, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जन्मजात कटे होंठ एवं फटे तालू से पीड़ित 0 से 18 वर्ष आयु के बच्चों की पहचान करें। संबंधित बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें शिविर की जानकारी देने तथा निर्धारित तिथि पर शिविर में उपस्थित कराने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग ने जिले के नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास या परिचित परिवार में 0 से 18 वर्ष आयु का कोई बच्चा जन्मजात कटे होंठ एवं फटे तालू की समस्या से पीड़ित है, तो उसकी जानकारी निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र, आशा कार्यकर्ता अथवा आरबीएसके टीम को दें। संबंधित बच्चे को 13 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय धवारी, सतना में आयोजित शिविर में अवश्य लेकर आएं।
प्रशांत त्रिपाठी ब्यूरो सतना







![[13:12, 11/10/2026] +91 88176 18595: पंजीयन के अंतिम दिन गांवों में पहुंचे जनप्रतिनिधि, धान पंजीयन की समस्याएं कराईं दूर, WhatsApp Image 2026 10 11 at 13.13.17 1](https://policewala.org.in/wp-content/uploads/2026/10/WhatsApp-Image-2026-10-11-at-13.13.17-1-450x562.jpeg)