*कटनी पुलिस ने गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जनसेवा की दिशा में रचा नया इतिहास, 16 पुलिस इकाइयों को मिला आईएसओ प्रमाणन*

 

जिला कटनी पुलिस के लिए दिनांक 29 जून 2026 एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण दिवस के रूप में दर्ज हुआ। नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पुलिस कार्यप्रणाली को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने के उद्देश्य से किए गए सतत प्रयासों के फलस्वरूप जिला पुलिस की विभिन्न पुलिस इकाइयों एवं कार्यालयों को आईएसओ (ISO) प्रमाणन प्रदान किया गया।

 

इस गरिमामयी अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, जबलपुर जोन, श्री प्रमोद वर्मा (भा.पु.से.), कलेक्टर कटनी श्री आशीष तिवारी (भा.प्र.से.), पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.), नगर निगम आयुक्त कटनी तथा वनमंडलाधिकारी कटनी की विशिष्ट उपस्थिति रही।

 

कार्यक्रम के पूर्व मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा थाना स्लीमनाबाद, थाना यातायात, थाना कोतवाली, थाना कुठला एवं थाना एनकेजे का भ्रमण कर आईएसओ मानकों के अनुरूप विकसित व्यवस्थाओं एवं नागरिक सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

 

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित कार्य वातावरण, ड्यूटी ऑफिस एवं अभिलेख संधारण प्रणाली, आगंतुक सहायता कक्ष, नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, महिला एवं पुरुष बंदीगृह, मीटिंग हॉल, मालखाना, शस्त्रागार, थाना प्रभारी कक्ष, पेयजल एवं स्वच्छ शौचालय, सूचना पटल, शिकायत पंजीकरण प्रणाली, रिकॉर्ड प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा नागरिक सेवाओं के समयबद्ध निष्पादन से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।

 

आईएसओ प्रमाणन के अंतर्गत विशेष रूप से गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली (Quality Management System), नागरिक संतुष्टि, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अभिलेखों का वैज्ञानिक संधारण, संसाधनों का प्रभावी उपयोग, समयबद्ध सेवा प्रदायगी, स्वच्छ एवं सुरक्षित कार्यस्थल, उत्तरदायित्व निर्धारण तथा सतत सुधार (Continuous Improvement) जैसे महत्वपूर्ण मानकों के अनुरूप पुलिस इकाइयों की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया गया। इन मानकों का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी, उत्तरदायी, नागरिक हितैषी एवं विश्वासपूर्ण बनाना है।

 

तत्पश्चात थाना एनकेजे परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में जिला पुलिस की निम्नलिखित इकाइयों को आईएसओ प्रमाणन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए—

 

1. कार्यालय पुलिस अधीक्षक, कटनी – श्री अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक

2. कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, विजयराघवगढ़ – श्री वीरेन्द्र धार्वे

3. कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, स्लीमनाबाद – श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी

4. थाना कोतवाली – श्रीमती राखी पाण्डेय

5. थाना कुठला – श्री अखिलेश दाहिया

6. थाना माधवनगर – श्री संजय दुबे, थाना प्रभारी

7. थाना यातायात – श्री अनूप सिंह, थाना प्रभारी

8. थाना एनकेजे – उप निरीक्षक श्री रूपेन्द्र राजपूत, थाना प्रभारी

9. थाना स्लीमनाबाद – श्री सुदेश समन, थाना प्रभारी

10. थाना उमरिया पान – उप निरीक्षक श्री महेन्द्र जायसवाल, थाना प्रभारी

11. थाना बहोरीबंद – श्री विजय विश्वकर्मा, थाना प्रभारी

12. थाना ढीमरखेड़ा – श्रीमती महिमा रघुवंशी

13. थाना रीठी – श्री शाहिद खान, थाना प्रभारी

14. थाना बड़वारा – श्री के.के. पटेल, थाना प्रभारी

15. थाना बरही – श्री अरविन्द चौबे, थाना प्रभारी

16. थाना विजयराघवगढ़ – श्री अभिषेक चौबे, थाना प्रभारी

 

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री रत्नेश मिश्रा ने आईएसओ प्रमाणन की संपूर्ण प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों की आवश्यकताओं, उनके क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों, प्राप्त उपलब्धियों तथा भविष्य में पुलिस सेवाओं में होने वाले सकारात्मक परिवर्तनों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आईएसओ प्रमाणन केवल एक प्रमाण-पत्र नहीं, बल्कि पुलिस संगठन की कार्य संस्कृति, सेवा गुणवत्ता एवं नागरिकों के प्रति जवाबदेही को निरंतर बेहतर बनाए रखने की एक सतत प्रक्रिया है।

 

मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री प्रमोद वर्मा  ने अपने उद्बोधन में कहा कि कटनी पुलिस द्वारा प्राप्त यह उपलब्धि पूरे जबलपुर जोन के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि आईएसओ प्रमाणन का वास्तविक उद्देश्य केवल निर्धारित मानकों को प्राप्त करना नहीं, बल्कि उन्हें निरंतर बनाए रखते हुए प्रत्येक नागरिक को संवेदनशील, पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम गरिमापूर्ण वातावरण एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहभागी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

 

कटनी पुलिस द्वारा प्राप्त यह आईएसओ प्रमाणन जिले में आधुनिक, उत्तरदायी, पारदर्शी एवं जन-केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो पुलिस एवं आमजन के मध्य विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यसंस्कृति की स्थापना में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

जितेन्द्र मिश्रा कटनी

Leave A Reply

Exit mobile version