2 करोड़ के गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार—5 आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गरियाबंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव स्थित NH-130C चेकपोस्ट पर पुलिस ने सघन जांच के दौरान 400 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है, बरामद कर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

चेकपोस्ट पर पकड़ी गई करोड़ों की खेप

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 की रात खुटगांव चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे नारंगी रंग के आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के ऊपर काले तिरपाल से ढके संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। जांच करने पर पैकेटों में बड़ी मात्रा में गांजा पाया गया।

पूछताछ में वाहन सवार आरोपियों ने बताया कि उनके आगे ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक OD 08 W 5814 पर दो लोग रास्ता दिखाते हुए चल रहे हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया।

सिर्फ खेप नहीं, पूरी सप्लाई चेन पर वार

मौके से 400 किलो गांजा, नकदी और अन्य सामग्री जब्त करने के बाद पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ की। पूछताछ में गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले से प्राप्त करना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए गांजा सप्लाई करने वाले विनोद दिसारी को भी ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया।

इस तरह गरियाबंद पुलिस ने केवल तस्करी की खेप पकड़ने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि “एंड-टू-एंड” कार्रवाई करते हुए सप्लाई नेटवर्क की अहम कड़ी तक पहुंच बनाई।

करोड़ों की बरामदगी से तस्करों में हड़कंप

पुलिस ने कुल 400 किलो अवैध गांजा, अनुमानित कीमत ₹2 करोड़, गांजा परिवहन में प्रयुक्त आयशर वाहन, ग्लैमर मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन तथा गांजा के क्रय-विक्रय से संबंधित कुल ₹6.50 लाख नगद जब्त किए हैं।

महाराष्ट्र से ओडिशा तक फैला नेटवर्क बेनकाब

गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के तीन तथा ओडिशा के दो आरोपी शामिल हैं। पुलिस की कार्रवाई से गांजा तस्करी के उस अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसके तार ओडिशा से महाराष्ट्र तक जुड़े होने की बात सामने आई है।

सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गरियाबंद पुलिस का स्पष्ट संदेश—नशे के कारोबार पर नहीं चलेगी कोई रियायत

“ऑपरेशन निश्चय” के तहत हुई यह कार्रवाई गरियाबंद पुलिस की मादक पदार्थों के खिलाफ सतत निगरानी, सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग और तस्करी नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की रणनीति को दर्शाती है। करोड़ों रुपये की गांजा खेप की बरामदगी और पांच आरोपियों की गिरफ्तारी से अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

एक नजर में कार्रवाई

400 किलो अवैध गांजा — अनुमानित कीमत ₹2 करोड़

5 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

₹6.50 लाख नगद जब्त

आयशर वाहन व ग्लैमर मोटरसाइकिल जब्त

3 मोबाइल फोन बरामद

ओडिशा से गांजा सप्लायर की गिरफ्तारी

NDPS Act के तहत मामला दर्ज

गरियाबंद पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने यह संदेश साफ कर दिया है कि जिले की सीमाओं से होकर गुजरने वाले नशे के कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर है और तस्करी के नेटवर्क की छोटी से छोटी कड़ी को भी कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा।

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद

Leave A Reply

Exit mobile version