ऑपरेशन आघात: रायगढ़ पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, 52 किलो गांजे के साथ ओडिशा के तीन तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” ने नशे के सौदागरों की कमर तोड़ दी है। रायगढ़ पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसिया क्षेत्र में 52 किलोग्राम गांजे के साथ ओडिशा के तीन अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचने में सफलता प्राप्त की है। इस कार्रवाई से पहले पुलिस तमनार और चक्रधरनगर क्षेत्र में भी भारी मात्रा में गांजा जब्त कर चुकी है।
ताजा मामला खरसिया रेलवे कॉलोनी के पास का है, जहां ओडिशा के कंधमाल जिले के निवासी दिनेश कुमार बेहरा, शिवा बेहरा और देवी प्रसाद कंहर को घेराबंदी कर पकड़ा गया। ये तस्कर ट्रेन के जरिए गांजा लेकर आ रहे थे, लेकिन रेलवे पुलिस की सक्रियता और चेकिंग के डर से खरसिया स्टेशन पर उतरकर भागने की फिराक में थे। साइबर सेल और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर तत्परता दिखाते हुए इन्हें हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से कुल 52 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹25.62 लाख आंकी गई है।
SSP रायगढ़
इस सफल अभियान को एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन, साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के कुशल नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पूरी कार्रवाई में खरसिया चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, आरपीएफ निरीक्षक कुलदीप कुमार और साइबर सेल के प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस बड़ी कामयाबी पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के साथ काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तस्करी के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए सप्लाई चेन से लेकर वितरण तक ‘एंड-टू-एंड’ कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
