गरियाबंद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने समाज में राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का अनूठा संदेश देते हुए “एकता वृक्षारोपण अभियान” के तहत शासकीय स्कूल रसेला में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने मिलकर पौधे लगाए तथा उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में चल रहे सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के अंतर्गत थाना प्रभारी छुरा ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों के बीच जागरूकता शिविर आयोजित कर उन्हें साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन, पॉक्सो एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों तथा आपातकालीन सेवा डायल 112 की उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे बच्चों को गुड टच और बैड टच का अंतर अत्यंत सरल एवं सहज भाषा में समझाया गया, ताकि वे किसी भी अनुचित परिस्थिति में स्वयं को सुरक्षित रख सकें और बिना झिझक अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों से बात कर सकें।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने कहा कि एक पौधा केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव भी रखता है। वहीं बच्चों ने भी पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल, सहायक निरीक्षक टीकाराम ध्रुव, राजकुमार शशि, ग्राम पंचायत रसेला के उपसरपंच परमेश्वर यादव, विद्यालय के शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद

