ऋषि पंचमी के इनामी दंगल में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच
वीर यादव जबलपुर बने विजेता, संजय प्रजापति बहोरीबंद रहे उपविजेता
कटनी/ बहोरीबंद
कटनी जिले की बहोरीबंद तहसील के ग्राम कुआं में ऋषि पंचमी के अवसर पर आयोजित पारंपरिक इनामी दंगल में क्षेत्र सहित आसपास के जिलों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में अपने दमखम और कुश्ती के शानदार दांव-पेच दिखाए। दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे। मुकाबलों के दौरान पहलवानों के बीच जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और हर दांव पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।
दंगल में अलग-अलग मुकाबलों में पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला, शारीरिक क्षमता और तकनीक का प्रदर्शन किया। अखाड़े में उतरते ही पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले शुरू हुए। कई मुकाबले काफी देर तक चले, जिसमें दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी।
मुख्य मुकाबले में जबलपुर के पहलवान वीर यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी अपने नाम की और उन्हें दंगल का विजेता घोषित किया गया। वहीं बहोरीबंद, कटनी के पहलवान संजय प्रजापति ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया।
ग्राम कुआं सरपंच अमित साहू एवं उपसरपंच राजेश नायक द्वारा विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दंगल के दौरान अखाड़े में मौजूद दर्शकों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। ऋषि पंचमी के अवसर पर आयोजित इस पारंपरिक दंगल ने क्षेत्र में कुश्ती की पुरानी परंपरा और ग्रामीण खेल संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया।
पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से संभाग ब्यूरो पारस गुप्ता की रिपोर्ट







