25 पेटी विदेशी शराब और स्विफ्ट डिजायर कार की हुई थी जब्ती, फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
जुन्नारदेव। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुन्नारदेव पुलिस ने फरार आरोपी विजय उर्फ गुड्डा वसूले पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 2,000 रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया है।
आरोपी की सूचना देने अथवा उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को यह पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
🖊️पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 अगस्त 2026 की रात्रि को थाना जुन्नारदेव पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 पेटी विदेशी शराब जब्त की थी। जब्त शराब की कुल मात्रा 215.82 बल्क लीटर तथा अनुमानित कीमत 1 लाख 45 हजार 950 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही आरोपी की ग्रे रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक HR-26-CR-4210 भी जब्त की गई थी।
🖊️इस मामले में थाना जुन्नारदेव में अपराध क्रमांक 350/2026 के तहत धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था। कार्रवाई के दौरान एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी विजय उर्फ गुड्डा वसूले पिता रंगराव वसूले, उम्र 36 वर्ष, निवासी माजरी जुन्नारदेव, अंधेरे का फायदा उठाकर घर के पीछे के रास्ते से फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है, लेकिन अब तक आरोपी गिरफ्त से बाहर है।
ढाबा संचालकों से कथित सांठगांठ की भी जांच
इस प्रकरण में पुलिस जांच के दौरान कुछ स्थानीय ढाबा संचालकों की कथित भूमिका की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी के माध्यम से ढाबों पर अवैध शराब की आपूर्ति कराई जाती थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।
पुलिस की अपील: फरार आरोपी विजय उर्फ गुड्डा वसूले के संबंध में किसी भी व्यक्ति के पास सटीक जानकारी होने पर थाना जुन्नारदेव पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने पर 2,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
असेंबली रिपोर्टर भगवानदास साहू
