सतना मध्य प्रदेश


सतना 28 अक्टूबर 2026/अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वरिष्ठजनों के कल्याण, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से जिले के वृद्धाश्रमों में स्वास्थ्य परीक्षण, जनजागरूकता एवं मनोरंजन संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए। दुर्गा वृद्ध सेवा समिति वृद्धाश्रम सरभंगा में स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धजनों का ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर एवं आंखों का परीक्षण किया गया। साथ ही आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्धजनों को स्वस्थ रहने के लिए मौसमी फलों के सेवन तथा उनके स्वास्थ्य लाभों के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष श्रीमती बिमला संत, प्रबंधक अजय कुमार मिश्रा, एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इसी प्रकार प्रमोदवन आनंदधाम वृद्धाश्रम चित्रकूट में अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वृद्धजनों के मनोरंजन एवं मानसिक प्रसन्नता के लिए गीत-संगीत, रामायण पाठ, रंगोली सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठजनों को आनंदमय वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके सामाजिक एवं भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने संबंधी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में आश्रम प्रबंधक राकेश कुमार मिश्रा, आश्रम के कर्मचारीगण एवं अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो

Comments are closed.