फिरोजाबाद
सिरसागंज:- विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के अंतर्गत जिला विज्ञान क्लब, फिरोजाबाद के तत्वाधान में समर में जिला समन्यवक अश्वनी कुमार जैन के संयोजन में जनपद में प्रथम बार साइंस घर कार्यक्रम का आयोजन निःशुल्क रूप से जिला विज्ञान क्लब के कार्यालय पर किया जा रहा है। जिसमें 33 वें दिवस पर कक्षा 12 की छात्रा कु अंजली ने अपने सूक्ष्मदर्शी यन्त्र मॉडल के प्रस्तुतिकरण में बताया कि इस मॉडल के अंतर्गत सूक्ष्मदर्शी की संरचना, कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इस मॉडल के माध्यम से यह दर्शाया गया है कि सूक्ष्मदर्शी एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक उपकरण है, जिसकी सहायता से नग्न आँखों से दिखाई न देने वाले सूक्ष्म जीव, कोशिकाएँ, ऊतक तथा अन्य सूक्ष्म संरचनाओं का स्पष्ट रूप से अध्ययन किया जा सकता है। चिकित्सा, जीव विज्ञान, अनुसंधान तथा प्रयोगशालाओं में इसका व्यापक उपयोग किया जाता है। सूक्ष्मदर्शी की सहायता से विभिन्न रोगों के कारणों का पता लगाने, नई वैज्ञानिक खोजों को आगे बढ़ाने तथा जीव-जगत की सूक्ष्म संरचनाओं को समझने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। यह मॉडल विद्यार्थियों को सूक्ष्मदर्शी के महत्व, उसके वैज्ञानिक सिद्धांत तथा वास्तविक जीवन में उसके उपयोग से परिचित कराता है। इसके साथ ही यह विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, प्रयोगात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने के लिए प्रेरित करता है तथा आधुनिक विज्ञान में सूक्ष्मदर्शी की महत्वपूर्ण भूमिका को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करता है।

अश्वनी कुमार जैन ने अंजली के सूक्ष्मदर्शी यन्त्र मॉडल के रचनात्मक एवं कलात्मक प्रयास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि साइंस घर में प्रतिदिन विद्यार्थी अपने नवाचार मॉडलों का प्रस्तुतिकरण कर रहे हैं। इस अवसर पर साइंस घर के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट मनोज कुमार शर्मा फिरोजाबाद







