​धमतरी। जिले की नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने कार्यभार संभालते ही पुलिस महकमे में अनुशासन और कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े तेवर दिखाए हैं। उन्होंने आज जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना और चौकी प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक बैठक ली। बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट किया कि धमतरी पुलिस की कार्यशैली अनुशासित, पारदर्शी और जनता के प्रति जवाबदेह होनी चाहिए, जिसमें किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता के लिए कोई जगह नहीं होगी।

​श्रीमती पांडेय ने बेसिक और विजिबल पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को बाजारों में नियमित पैदल पेट्रोलिंग करने तथा भीड़भाड़ व संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध गतिविधियों जैसे नशा, जुआ, सट्टा, अवैध शराब और चाकूबाजी पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा है। इसके साथ ही होटल-ढाबों की नियमित चेकिंग, सराफा व बैंक क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, थाना परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने और थानों के सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू रखने की हिदायत दी। जनता के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि थाने आने वाले हर फरियादी से शालीन व्यवहार किया जाए और एफआईआर दर्ज करने में कोई टालमटोल न हो। इसके अलावा सीसीटीएनएस व नेटग्रिड जैसे तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने और न्यायालयीन समंस-वारंट की तामीली में तेजी लाने की बात कही।

​इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेंद्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी, डीएसपी श्री भानुप्रताप चंद्राकर, डीएसपी श्रीमती मीना साहू, एसडीओपी नगरी श्री विपिन रंगारी और रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित जिले के सभी थाना, चौकी, साइबर, यातायात, महिला सेल व अजाक थाने के प्रभारी और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव,

ब्यूरो चीफ पुलिसवाला

Leave A Reply