एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर यातायात पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 145 ऑटो-ई रिक्शा की जांच, 22 पर चालानी कार्रवाई।

धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर धमतरी यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात प्रभारी खेमराज साहू के नेतृत्व में नया बस स्टैंड और अर्जुनी मोड़ क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

नया बस स्टैंड में जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की गई। इस दौरान एक ई-रिक्शा चालक और दो मोटरसाइकिल चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। यातायात पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर चालकों के विरुद्ध प्रकरण तैयार करते हुए न्यायालयीन कार्रवाई शुरू की।

अर्जुनी मोड़ क्षेत्र में यातायात पुलिस ने करीब 145 ऑटो और ई-रिक्शा की जांच की। इस दौरान दस्तावेज, फिटनेस, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के पालन की जांच की गई। कमियां पाए जाने पर 22 ऑटो-ई रिक्शा के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जबकि 4 वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, वाहनों की फिटनेस दुरुस्त रखने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की हिदायत दी। पुलिस के अनुसार इस वर्ष अब तक शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 391 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं।

धमतरी यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.

Exit mobile version