आगामी त्योहारों को लेकर कांकेर पुलिस अलर्ट: शांति समिति की बैठक में सौहार्द बनाए रखने की अपील
कांकेर। आगामी प्रमुख त्योहारों चैत्र नवरात्रि, ईद और रामनवमी के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई इस बैठक में जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न समुदाय के प्रमुखों और गणमान्य नागरिकों से सीधा संवाद किया। बैठक में मुख्य रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार साहू, एसडीएम श्री अरुण कुमार वर्मा, अनुभागीय पुलिस अधिकारी श्री मोहसिन खान और प्रशिक्षु आईपीएस श्री प्रतीक दादासाहब बंसोडे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, जिसके तहत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सघन पेट्रोलिंग भी की जाएगी। बैठक के दौरान विशेष रूप से डीजे, धुमाल और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर माननीय उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई है।
प्रशासन ने सभी आयोजक समितियों को निर्देशित किया है कि वे अपने कार्यक्रमों की पूर्व सूचना संबंधित थानों को अनिवार्य रूप से दें। साथ ही, पूजा पंडालों और धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई। सोशल मीडिया को लेकर पुलिस ने सख्त लहजा अपनाते हुए चेतावनी दी है कि भ्रामक खबरों या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
कांकेर पुलिस ने जिले के तमाम नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और गौरवशाली परंपरा के साथ त्योहारों का आनंद लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में नागरिक तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या आपराधिक हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर सूचना दे सकते हैं।
रिपोर्टर:
मयंक श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
कैलाश साहू, ब्यूरो चीफ बस्तर
Trending
- जबलपुर के सभी मेडिकल छात्रों एवं डॉक्टरों से अपील
- 20 लाख की वित्तीय गड़बड़ी का आरोप: खजरवारा पंचायत में 5वें-15वें वित्त आयोग की राशि पर उठे सवाल
- उत्कृष्ट उमावि शहपुरा प्राचार्य के खिलाफ शिकायत की दोबारा जांच के निर्देश, आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने कलेक्टर डिंडौरी को लिखा पत्र
- कांकेर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी; एसपी निखिल राखेचा के निर्देशन में विद्युत तार चोरी मामले का सफल खुलासा
- अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गरियाबंद में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
- सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर गरियाबंद पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों के लिए निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
- छत्तीसगढ़ में मानसून की धमाकेदार वापसी: बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट
- प्रकृति की परीक्षा भी नहीं डिगा सकी आस्था, “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा गरियाबंद







