अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार: पीठ पर गांजा लादकर ओडिशा से महाराष्ट्र पैदल जा रहा आरोपी महासमुंद पुलिस के हत्थे चढ़ा
महासमुंद। जिला पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देशों के तहत महासमुंद पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रेहटीखोल चेक पोस्ट पर घेराबंदी कर एक शातिर अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो अनोखे तरीके से पीठ पर बैग लादकर पैदल ही गांजे की खेप ले जा रहा था।
मुखबिर की सटीक सूचना पर सिंघोड़ा थाना पुलिस और टास्क फोर्स ने एनएच 53 रोड पर स्थित ग्राम रेहटीखोल चेक पोस्ट के पास एक संदिग्ध युवक को रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम शेख नईम (30 वर्ष), निवासी अमरावती (महाराष्ट्र) बताया। पुलिस ने जब उसके पास मौजूद पिठ्ठू बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 4 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जप्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2,00,000 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से 5,000 रुपये का एक मोबाइल भी बरामद किया है, जिससे कुल जप्त संपत्ति 2,05,000 रुपये हो गई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह इस खेप को संबलपुर (ओडिशा) से लेकर अमरावती (महाराष्ट्र) में खपाने की फिराक में था।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, महासमुंद पुलिस इस साल जनवरी से अब तक गांजा तस्करी के खिलाफ बेहद आक्रामक रुख अपनाए हुए है। पुलिस ने अब तक कुल 117 मामले दर्ज कर लगभग 37 करोड़ 86 लाख रुपये मूल्य का 7517.321 किलोग्राम (75 क्विंटल से अधिक) गांजा जब्त किया है। इन मामलों में अब तक 287 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें से 215 आरोपी अन्य राज्यों के हैं, जो यह दर्शाता है कि पुलिस ने तस्करों के बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त किया है। फिलहाल सिंघोड़ा थाना पुलिस ने आरोपी शेख नईम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)ii(B) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की विवेचना जारी है।
रिपोर्ट; मयंक श्रीवास्तव,
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







