डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
NH-45 पर डिवाइडर निर्माण में लापरवाही, SDM ने जारी किया चेतावनी पत्र
निर्देशों की अनदेखी पर 22 फरवरी तक सुधार के आदेश, अन्यथा कार्यवाही की चेतावनी
शहपुरा (डिंडोरी)।
नगर शहपुरा में डिंडोरी–शहपुरा–जबलपुर मार्ग (नेशनल हाईवे-45) पर निर्माणाधीन डिवाइडर कार्य में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) शहपुरा ने चेतावनी पत्र जारी किया है।
जारी पत्र में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, शहपुरा एवं संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया गया है कि निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितताओं को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
ये पाई गईं प्रमुख खामियां
निर्माणाधीन डिवाइडर स्थल पर चेतावनी बोर्ड/साइन बोर्ड नहीं लगाए गए।
बीच सड़क पर निर्माण सामग्री रखी जा रही है।
वाहन आवागमन हेतु वैकल्पिक मार्ग की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
निर्माण स्थलों पर बैरिकेटिंग नहीं की गई।
इन लापरवाहियों के कारण मार्ग पर जाम की स्थिति बन रही है और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। विशेषकर वैकल्पिक मार्गों में गड्ढे एवं पानी भरे होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
SDM द्वारा निर्देश दिया गया है कि 22 फरवरी 2026 तक सभी बिंदुओं का निराकरण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा निर्माणाधीन डिवाइडर कार्य पर रोक लगाने सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रकरण की प्रतिलिपि कलेक्टर डिंडोरी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शहपुरा एवं थाना प्रभारी शहपुरा को भी सूचनाार्थ प्रेषित की गई है।
अब देखना होगा कि निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थाएं सुधरती हैं या फिर प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़ेंगे।







