छूलहा सड़क हादसे में तीन मौतों के बाद यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल, यातायात प्रभारी की कार्यप्रणाली और पुलिस अधीक्षक की जवाबदेही भी कठघरे में
सड़क किनारे बेतरतीब खड़े भारी वाहन बन रहे मौत का कारण, क्या यातायात विभाग की प्राथमिकता व्यवस्था सुधारना है या केवल वसूली तक सीमित रह गई है कार्रवाई?
अनूपपुर। जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत छूलहा गांव के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार जीप का सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसना केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि जिले की बदहाल यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना है। इस दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में सेना का जवान विनीत विश्वकर्मा भी शामिल है, जो दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। जिस घर में खुशियों की तैयारी होनी थी, वहां अब मातम पसरा है।
इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अनूपपुर में यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाला विभाग कब अपनी जिम्मेदारी समझेगा? क्या जिले में सड़क किनारे नियम विरुद्ध खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए किसी और बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?
तीन मौतों के बाद भी क्या यातायात विभाग की नींद खुलेगी?
जिले की प्रमुख सड़कों, नगर के प्रवेश मार्गों और व्यस्त मार्गों पर भारी वाहन तथा अन्य वाहन अक्सर सड़क किनारे खड़े दिखाई देते हैं। कई स्थानों पर इनके कारण आवागमन बाधित होता है और रात के समय दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। यदि खड़े वाहनों पर पर्याप्त रिफ्लेक्टर, पार्किंग लाइट और चेतावनी संकेत नहीं हैं तो स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।
छूलहा हादसे में कोतवाली थाना प्रभारी के अनुसार ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद था। यदि यह तथ्य जांच में प्रमाणित होता है तो यह भी जांच का विषय है कि सड़क पर खड़े भारी वाहन की सुरक्षा संबंधी व्यवस्था की जांच किस अधिकारी की जिम्मेदारी थी और ऐसी लापरवाही पर पहले क्या कार्रवाई की गई?
यातायात व्यवस्था या वसूली व्यवस्था, जवाब कौन देगा?
जिले में यातायात विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नागरिकों के बीच असंतोष और सवाल लगातार सामने आते रहे हैं। आरोप हैं कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, अवैध पार्किंग रोकने, भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय विभागीय अमले की सक्रियता कई बार वाहन चालकों की जांच और चालानी कार्रवाई तक सिमट जाती है।
यह भी गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं कि यातायात विभाग के कुछ कर्मचारियों की प्राथमिकता यातायात नियंत्रण के बजाय कथित अवैध वसूली और एंट्री व्यवस्था पर अधिक केंद्रित है। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। यदि इनमें सच्चाई है तो यह केवल विभागीय अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।
सवाल यह भी है कि यातायात प्रभारी ने अब तक सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के विरुद्ध कितने प्रभावी अभियान चलाए? कितने वाहन हटवाए गए? कितने वाहन मालिकों पर कार्रवाई हुई? और कितने स्थानों को दुर्घटना संभावित क्षेत्र मानकर सुरक्षित किया गया?
पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर की जवाबदेही तय होनी चाहिए
जिले की कानून व्यवस्था और यातायात सुरक्षा की निगरानी करना पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को स्पष्ट करना चाहिए कि यातायात प्रभारी के कार्यों की नियमित समीक्षा किस आधार पर की जा रही है? क्या विभागीय कर्मचारियों को उनके मूल दायित्वों के अनुरूप तैनात किया गया है या यातायात नियंत्रण के महत्वपूर्ण कार्यों से उन्हें अलग रखा गया है?
जिला कलेक्टर को भी सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था के समन्वय के लिए संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करनी चाहिए। यदि यातायात प्रभारी अपने दायित्वों के निर्वहन में लगातार लापरवाही कर रहे हैं तो क्या उनके विरुद्ध विभागीय जांच और जवाबदेही तय करने की कार्रवाई होगी? पुलिस अधीक्षक क्या केवल अधीनस्थ अधिकारियों से जवाब मांगेंगे या स्वयं भी यातायात व्यवस्था की जमीनी समीक्षा करेंगे?
अब केवल जांच नहीं, ठोस कार्रवाई की जरूरत
छूलहा की दुर्घटना के बाद प्रशासन को कुछ बुनियादी कदम तत्काल उठाने चाहिए,प्रमुख सड़कों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर खड़े भारी वाहनों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।रात के समय सड़क किनारे खड़े वाहनों में रिफ्लेक्टर, पार्किंग लाइट और चेतावनी संकेत अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएं।ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएं।यातायात विभाग के कर्मचारियों की तैनाती और कार्यप्रणाली की समीक्षा कराई जाए।
कथित अवैध वसूली एवं एंट्री के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।यातायात प्रभारी के कार्यों की जवाबदेही तय करते हुए नियमित निरीक्षण और सार्वजनिक कार्रवाई रिपोर्ट जारी की जाए।
क्या तीन मौतों के बाद बदलेगी व्यवस्था?
छूलहा हादसे में तीन परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया। एक जवान अपने घर और परिवार के बीच पहुंचने से पहले ही मौत का शिकार हो गया। यह दुर्घटना केवल मृतकों के परिवारों का दर्द नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए चेतावनी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस हादसे के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अपनी जिम्मेदारी समझते हुए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे? क्या पुलिस अधीक्षक यातायात प्रभारी की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर जवाबदेही तय करेंगे? क्या कलेक्टर सड़क किनारे अवैध पार्किंग और भारी वाहनों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए ठोस निर्देश जारी करेंगे?
या फिर कुछ दिनों तक जांच और कार्रवाई की औपचारिकता पूरी होने के बाद सब कुछ पहले की तरह चलता रहेगा और लोग इसी तरह सड़क किनारे खड़े ट्रकों के पीछे अपनी जान गंवाते रहेंगे?
अब अनूपपुर की जनता को आश्वासन नहीं, सुरक्षित सड़कें चाहिए
तीन जिंदगियों की कीमत पर भी यदि प्रशासन की नींद नहीं खुलती तो यातायात व्यवस्था की जवाबदेही तय करने का सवाल और गंभीर हो जाएगा
रिपोर्टर दिनेश केवट
अनुपपुर







