सतना मध्य प्रदेश
पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है–डॉ. अवधेश प्रताप सिंह
सतना 23 नवम्बर 2026/पत्रकार कल्याण परिषद के प्रांतीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के साथ लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो व्यवस्था में संतुलन बनाए रखने के लिए आवश्यक है। मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि पत्रकारिता केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि समाज सेवा का मिशन है। स्वतंत्रता के बाद निर्मित भारतीय संविधान में मानव अधिकारों को प्राथमिकता दी गई है। संविधान के अनुच्छेद 19 (1) के तहत प्रत्येक नागरिक को विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार प्राप्त है, जिसके अंतर्गत मीडिया और प्रेस को भी संरक्षण मिलता है। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि पत्रकारिता कमजोर नहीं हुई है, बल्कि इसमें कुछ विसंगतियां और कमजोरियां आई हैं, जिन्हें दूर करने की आवश्यकता है। पत्रकारिता अपने मूल्यों के साथ प्रभावी बनी रहती है और उसे संवैधानिक संरक्षण प्राप्त है। मानव अधिकार आयोग भी पत्रकारिता और पत्रकारों के अधिकारों के संरक्षण के लिए पूरा सहयोग करता है। आयोग के संज्ञान में आने वाले प्रकरणों में चौथे स्तंभ के संरक्षण के लिए गंभीरता से कार्यवाही के निर्देश दिए जाते हैं।
मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि लोकतंत्र के सभी अंगों को अपने मूल्यों के साथ दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। वर्तमान प्रदूषित वातावरण में सामाजिक एवं पारिवारिक मूल्यों का निरंतर क्षरण हो रहा है। ऐसे में भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों के संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से प्रभावी पहल करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मानव अधिकार आयोग में भी पारिवारिक विवादों तथा माता-पिता द्वारा अपने बच्चों से न्याय की मांग करने से संबंधित अनेक प्रकरण सामने आते हैं, जो सामाजिक एवं पारिवारिक मूल्यों में गिरावट को दर्शाते हैं। सम्मेलन के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. अवधेश प्रताप सिंह का सांसद, महापौर, पत्रकार कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेदांत त्रिपाठी एवं परिषद के पदाधिकारियों द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सतना सांसद गणेश सिंह ने की। इस अवसर पर महापौर योगेश ताम्रकार, पूर्व महापौर ममता पाण्डेय, वरिष्ठ अधिवक्ता सहित विभिन्न जिलों से आए पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री आज सतना आयेंगी
सतना 23 नवम्बर 2026/प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी 24 नवम्बर को प्रातः 6.30 बजे रेवांचल एक्सप्रेस से सतना आयेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस सतना में 2026-27 में रैगांव विधानसभा अंतर्गत खरीदी केन्द्रों की (उपार्जन समिति) की समीक्षा बैठक लेंगी। इसके बाद राज्यमंत्री श्रीमती बागरी दोपहर 2 बजे सर्किट हाउस सतना में ही रैगांव विधानसभा अंतर्गत समस्त थाना प्रभारी एवं आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक लेंगी।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो







