गरियाबंद। गरियाबंद विकासखंड के ग्राम फूलकर्रा में आई टी एस कॉलेज के बीएड, डीएलएड एवं बीएससी के छात्र-छात्राओं द्वारा जनजागरूकता एवं जनसद्भावना को केंद्र में रखकर एक दिवसीय जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। पूरे दिन चले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों, किसानों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत फूलकर्रा की सरपंच बुड़मणी दीवान, उपसरपंच एवं ग्राम समिति अध्यक्ष दानेश देवांगन, ग्राम समिति उपाध्यक्ष पीला दाऊ निराला, ग्राम पटेल रूप सिंह ध्रुव सहित पंचायत प्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर जनजागरूकता रैली को रवाना किया।
रैली में आई टी एस कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ पंचायत पदाधिकारियों, शिक्षाशास्त्रियों, किसानों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकार साथियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूकता, सामाजिक सद्भाव और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
रैली के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ सरपंच बुड़मणी दीवान ने किया। इस दौरान स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपराओं पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में सुआगीत, पंथी नृत्य, राउत नाचा, गौरी-गौरा, बारहमासी गीत, प्रहसन एवं नाट्य रूपांतरण की प्रस्तुतियों ने ग्रामीणों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने मनोरंजन के साथ सामाजिक समरसता और जनजागरूकता का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आई टी एस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र तिवारी ने की। दिनभर चले इस आयोजन का समापन विशाल भंडारा एवं प्रसादी वितरण के साथ हुआ। इसमें महाविद्यालय परिवार के सदस्यों के अलावा अंचल के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।
इस जनजागरूकता अभियान का कुशल संचालन आई टी एस कॉलेज के निदेशक बी.पी. वर्मा ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में मनोज सिन्हा, पवन भरतद्वाज, दीपित वर्मा, निरंजन यादव, नोमेश देवांगन, प्रिया यदु, चुनेश सेन, डॉ. शैलेन्द्र कुमार टोपड़े, छत्रपाल साहू, पूजा यादव, सुस्मिता साहू, पुष्पा साहू, खिलेश साहू, गितेश्वर विश्वकर्मा सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।
रिपोर्ट नेहरू साहू ब्यूरो चीफ गरियाबंद
Trending
- आई टी एस कॉलेज के जनजागरूकता अभियान से गूंजा फूलकर्रा, रैली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया सामाजिक एकता का संदेश
- 140 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, धमतरी पुलिस ने भेजा जेल
- ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपा रहे थे तस्कर, बालोद पुलिस ने 138 किलो से अधिक गांजा किया जब्त
- विश्व धरोहर सप्ताह के तहत तुलसी संग्रहालय रामवन में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
- दावे-आपत्तियों की सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंपी
- सतना: पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, मूल्यों और स्वतंत्रता की रक्षा जरूरी – डॉ. अवधेश प्रताप सिंह
- आयोग के पत्रों से संबंधित जांच प्रतिवेदन समय-सीमा में भेजे जायें
- छिंदवाड़ा कुंडीपुरा पुलिस _हत्या के प्रयास के गंभीर प्रकरण में सभी 04 आरोपी गिरफ्तार…







