दो सगे भाइयों के घर से मिले 134 पैकेट गांजा, चार आरोपी कार्रवाई के दायरे में; पिकअप सहित 85.72 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
बालोद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बालोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है। थाना सनौद पुलिस एवं एएनटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 138.551 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में चार आरोपियों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रकांत गवर्ना एवं डीएसपी श्री विनय साहू के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर पहली कार्रवाई।
दिनांक 21 नवंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम अरकार निवासी भीषम सतनामी अपने घर में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर उसके कब्जे से 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पूछताछ में उसने गांजा कामता प्रसाद कोसरे से खरीदना बताया।
पूछताछ में सामने आए तस्करी के बड़े सप्लायर।
कामता प्रसाद कोसरे से पूछताछ में ग्राम खप्परवाड़ा निवासी दो सगे भाइयों ओमप्रकाश पटेल एवं कुलेश्वर पटेल के नाम सामने आए। पुलिस के अनुसार दोनों भाई ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा खरीदकर छत्तीसगढ़ में इसकी सप्लाई करते थे। कामता प्रसाद ने उनसे गांजा खरीदकर स्थानीय स्तर पर बिक्री के लिए भीषम सतनामी को दिया था।
घर में छिपाकर रखे थे 134 पैकेट गांजा।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों भाइयों को पकड़ा। उनके घर की तलाशी लेने पर लोहे की पेटी एवं दीवान में छिपाकर रखे गए 134 पैकेटों से 136.56 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CQ 1575, मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन एवं 13 हजार रुपये नगद भी जब्त किए हैं।
85 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त।
पुलिस के मुताबिक मामले में कुल 138.551 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 69,27,550 रुपये है, जब्त किया गया है। इसके साथ ही अन्य सामग्री एवं वाहनों सहित कुल 85,72,550 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। प्रकरण में धारा 20(ख) के साथ धारा 29 एनडीपीएस एक्ट जोड़ी गई है।
चार आरोपियों के नाम।
- भीषम सतनामी, निवासी ग्राम अरकार।
- कामता प्रसाद कोसरे, निवासी ग्राम अरकार।
- ओमप्रकाश पटेल, निवासी ग्राम खप्परवाड़ा।
- कुलेश्वर पटेल, निवासी ग्राम खप्परवाड़ा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनसिंग सोरी सहित थाना सनौद पुलिस, एएनटीएफ बालोद एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
बालोद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़








