सतना मध्य प्रदेश
सतना 23 नवम्बर 2026/विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय मध्यप्रदेश भोपाल के तत्वावधान में शासकीय तुलसी संग्रहालय रामवन में सोमवार को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ दोपहर 12 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सज्जनपुर के प्राचार्य राजीव लोचन अग्निहोत्री ने किया। प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सज्जनपुर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन में लगभग 150 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिनमें से करीब 80 से 90 विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र के साथ मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राकेश मिश्रा, सुशील सोनी, मनवहोर प्रजापति एवं सुरेन्द्र कुमार द्विवेदी उपस्थित रहे।
सहायक परियोजना समन्वयक एवं बीआरसीसी पदों की मेरिट सूची जारी
30 नवंबर तक दावा-आपत्ति आमंत्रित
सतना 23 नवम्बर 2026/जिला शिक्षा केंद्र (समग्र शिक्षा अभियान) सतना द्वारा सहायक परियोजना समन्वयक एवं विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक (बीआरसीसी) पदों की पूर्ति के लिए आयोजित लिखित परीक्षा की मेरिट सूची जारी कर दी गई है। जिला शिक्षा केंद्र के जिला परियोजना समन्वयक ने बताया कि सतना जिले में सहायक परियोजना समन्वयक एवं विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक तथा जिला मैहर में विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक पदों की पूर्ति के लिए 21 अक्टूबर 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा की मेरिट सूची जिला शिक्षा केंद्र कार्यालय के सूचना पटल पर चस्पा कर दी गई है। मेरिट सूची के संबंध में अभ्यर्थी 30 नवंबर 2026 को कार्यालयीन समय तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। दावा-आपत्ति जिला शिक्षा केंद्र सतना में जमा की जा सकेगी। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो







