तुलसी विवाहोत्सव पर शिरडी पहुंचने की 15 वर्षों से निभा रहे परंपरा, आठ परिवार भी यात्रा में हुए शामिल
दमुआ। देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह के पावन अवसर पर सच्चिदानंद सद्गुरु साईनाथ महाराज के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति का भाव लेकर दमुआ के साई सेवकों का 31 सदस्यीय जत्था बुधवार सुबह शिरडी धाम के लिए रवाना हुआ। बाबा को भगवान विट्ठल तथा शिरडी को पंढरपुर के समान मानने वाले साई भक्तों द्वारा यह धार्मिक यात्रा लगातार 15वें वर्ष आयोजित की जा रही है। इस बार जत्थे में आठ परिवार भी शामिल हैं।

🖊️स्वेच्छा एवं स्वयं के व्यय से आयोजित इस यात्रा में शामिल साई सेवक एनएल चौरसिया, दीपक ठाकुर एवं राकेश चौरसिया ने बताया कि प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास में देवउठनी एकादशी के अवसर पर साईधाम दमुआ से वारकरी परंपरा के अनुरूप भक्तों का जत्था शिरडी के लिए प्रस्थान करता है। इस वर्ष भी बाबा की चरण पादुकाओं और शाही चादर के साथ श्रद्धालुओं ने धार्मिक उत्साह के बीच यात्रा प्रारंभ की।

🖊️शिरडी पहुंचकर 19 एवं 20 नवंबर को साई सेवक बाबा के दरबार में रुकेंगे। इस दौरान तुलसी विवाह की परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। साथ ही पालकी यात्रा, पूजन-अर्चन, आरती एवं रात्रि जागरण के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। श्रद्धालु द्वारिकामाई में दो रात्रि जागरण कर बाबा की भक्ति में लीन रहेंगे। जत्थे की वापसी 21 नवंबर को होगी।
यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व साईधाम दमुआ में विधिवत पूजन एवं आरती की गई। इसके पश्चात तुलसीकोट, बाबा की चरण पादुकाओं और शाही चादर को दर्शन एवं स्पर्श के लिए नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण कराया गया। नगर भ्रमण के बाद श्रद्धालु शिरडी धाम के लिए रवाना हुए।

🖊️साई भक्तों की मान्यता है कि सद्गुरु साईनाथ महाराज परमात्मा स्वरूप हैं और उनके दर्शन करना भगवान विट्ठल के पंढरपुर धाम की यात्रा के समान पुण्यकारी है। इसी श्रद्धा और आस्था के साथ दमुआ के साई सेवक प्रतिवर्ष तुलसी विवाह के अवसर पर शिरडी पहुंचकर अपनी धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते आ रहे हैं।







