सैनिक से मासिक रिश्वत मांगने की शिकायत पर उज्जैन लोकायुक्त की कार्रवाई, होमगार्ड विभाग में मचा हड़कंप
नीमच। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने नीमच में बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को कथित तौर पर 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। इस कार्रवाई के बाद होमगार्ड विभाग में हलचल मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरचा ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नीमच में पदस्थ होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान के कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से आरटीओ बैरियर, नयागांव नीमच पर की गई तैनाती के एवज में प्रतिमाह 3 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायतकर्ता महेश थोरचा ने 10 नवंबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर इस संबंध में आवेदन दिया था। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान शिकायत सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी को पकड़ने की योजना तैयार की।
इसी क्रम में 12 नवंबर 2026 को लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने नीमच पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई।
लोकायुक्त की कार्रवाई से विभाग में हलचल
इस पूरी कार्रवाई ने सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और कथित अवैध वसूली के मुद्दे को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। खास बात यह है कि शिकायत में ड्यूटी पर तैनाती के बदले प्रतिमाह राशि मांगने का आरोप लगाया गया था। अब इस मामले में लोकायुक्त की आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई पर सबकी नजर रहेगी।
लोकायुक्त की कार्रवाई में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक राजेंद्र वर्मा सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन के दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर की जा सकती
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत, नीमच





