प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन, दावा-आपत्ति एवं मतदाता जागरूकता अभियान के संबंध में दी गई विस्तृत जानकारी
एमसीबी/12 नवंबर 2026/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन, दावा-आपत्ति, नए मतदाताओं के पंजीयन एवं आगामी निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी गई।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी लिंगराज सिदार, अनुविभागीय अधिकारी एवं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 02 मनेंद्रगढ़ के रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शशि शेखर मिश्रा सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि आशीष सिंह भारतीय जनता पार्टी, रफीक मेमन इंडियन नेशनल कांग्रेस, विशेष सोनी आम आदमी पार्टी, हरिशंकर ताजेन बहुजन समाज पार्टी से और पर्यवेक्षक सतीश द्विवेदी एवं सहायक प्रोग्रामर उपेंद्र कुमार जिला निर्वाचन कार्यालय से उपस्थित रहे। 
जिले में 2 लाख 97 हजार 880 मतदाता पंजीकृत
कलेक्टर ने बताया कि आज से जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 01 भरतपुर-सोनहत एवं 02 मनेंद्रगढ़ की प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन सभी निर्धारित मतदान केंद्रों एवं स्थलों पर किया गया है। प्रारंभिक सूची के अनुसार जिले में कुल 2,97,880 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,48,627 पुरुष, 1,49,247 महिला एवं 06 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र में 1,74,230 तथा मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 1,23,650 मतदाता दर्ज हैं। जिले में कुल 503 मतदान केंद्र हैं, जिनमें भरतपुर-सोनहत में 322 तथा मनेंद्रगढ़ में 181 मतदान केंद्र शामिल हैं। पुनरीक्षण अभियान के तहत युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिले में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 3,195 नए युवा मतदाता पंजीकृत हुए हैं। इसके अतिरिक्त जिले में 874 वरिष्ठ नागरिक, 3,670 दिव्यांग मतदाता तथा 304 सेवा निर्वाचक पंजीकृत हैं।

12 नवंबर से 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावा-आपत्ति
कलेक्टर ने बताया कि प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा। पात्र नागरिक, जो 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-06, नाम विलोपन के लिए प्रारूप-07 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए प्रारूप-08 में आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही आगामी अर्हता तिथियों 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं के अग्रिम आवेदन भी प्राप्त किए जा रहे हैं।
मतदाता अपना नाम जांचने, नया पंजीयन कराने अथवा संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in तथा Voter Helpline App के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पुनरीक्षण संबंधी जानकारी एवं दावा-आपत्तियों की सूची जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://manendragarh-chirmiri-bharatpur.cg.gov.in/en/district-election/ पर भी उपलब्ध रहेगी।
बीएलए की नियुक्ति एवं मतदाता जागरूकता पर जोर
कलेक्टर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित करने तथा मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीएलए एवं बूथ लेवल अधिकारियों के समन्वय से पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची की त्रुटियों को सुधारने में मदद मिलेगी। निर्देशानुसार बीएलए एक बार में अथवा एक दिन में बीएलओ के पास 10 से अधिक आवेदन जमा नहीं करेंगे। वहीं 30 से अधिक आवेदन प्रस्तुत होने की स्थिति में संबंधित निर्वाचन अधिकारी द्वारा स्वयं उनका सत्यापन किया जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करने का आग्रह किया। प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को फोटोयुक्त हार्ड कॉपी, फोटो रहित सॉफ्ट कॉपी तथा सेवा निर्वाचकों की सूची निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
रिपोर्ट – योगेन्द्र प्रताप सिंह ब्यूरो चीफ





