दुर्ग। थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक एस.एन. सिंह के नेतृत्व में सुपेला पुलिस ने फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित कर देश के विभिन्न राज्यों के लोगों से साइबर ठगी करने वाले आरोपी परमानंद यादव (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
आरोपी फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर कल्याण मैट्रिमोनी, एलिट मैच मैट्रिमोनी एवं फ्यूचर पार्टनर के नाम से फर्जी मैरिज ब्यूरो चला रहा था। AI से तैयार काल्पनिक युवतियों की तस्वीरें दिखाकर विवाह के इच्छुक लोगों को शादी का झांसा दिया जाता था और रजिस्ट्रेशन के नाम पर प्रति व्यक्ति ₹2,000 सहित अन्य राशि वसूली जाती थी। करीब तीन माह से संचालित इस कॉल सेंटर से प्रतिदिन 20 से 50 कॉल किए जाते थे।
पुलिस ने मौके से 22 कीपैड मोबाइल, 04 एंड्रॉयड मोबाइल, 16 सिम कार्ड, कंप्यूटर, वाई-फाई, बैंक खातों की चेकबुक और ₹1,64,000 नगद सहित कुल ₹2,83,600 का मशरूका जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1630/2026, धारा 317(2), 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक खेलन साहू, नमिता टेकाम, मिथलेश साहू एवं संतोष निर्मलकर की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







