डिंडौरी मध्यप्रदेश
शहपुरा की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन से जिले का बढ़ाया मान, राधा, मुनिंदा, सुहानी और नंदनी का मुरैना राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
डिंडौरी। राज्य स्तरीय शालेय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में डिंडौरी जिले की बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। इटारसी (पथरोटा) में 21 से 22 अक्टूबर तक आयोजित विभागीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में डिंडौरी की टीम ने मध्य क्षेत्र (नर्मदापुरम संभाग) को पराजित कर खिताबी जीत दर्ज की। इस सफलता के साथ खिलाड़ियों ने जिले का गौरव बढ़ाया।
शालेय खेल कैलेंडर वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में सांदीपनि विद्यालय शहपुरा की बालिका खिलाड़ियों ने प्रशिक्षक अनिल लोधी के नेतृत्व में हिस्सा लिया। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन और सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव के निर्देशन में टीम ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतर खेल कौशल और तालमेल का प्रदर्शन किया।
चार खिलाड़ियों का मुरैना प्रतियोगिता के लिए चयन
जिला क्रीड़ा प्रभारी अधिकारी, जनजातीय कार्य विभाग पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल दक्षता के आधार पर डिंडौरी जिले की राधा परस्ते, मुनिंदा धुर्वे, सुहानी मरकाम और नंदनी उरैती का आगामी राज्य स्तरीय शालेय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी जनजातीय कार्य विभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए 24 से 27 अक्टूबर तक मुरैना में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
खिलाड़ियों की सफलता पर जताई खुशी
जिले की बालिका खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को नियमित अभ्यास, प्रशिक्षक के मार्गदर्शन और खेल के प्रति उनके समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। टीम की जीत और चार खिलाड़ियों के चयन पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय जाट, संदीप सोनी, यशवंत साहू, प्रशिक्षक अनिल लोधी, जागेश्वर नंदा, परवेज खान और नवीन खरगाल सहित अन्य शिक्षकों एवं खेल प्रशिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए मुरैना में होने वाली प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्ट अखिलेश झारिया







