तिरंगा चौक से रैली निकाल कांग्रेस भवन का घेराव, राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ की नारेबाजी
जिलाध्यक्ष बिंदु सिन्हा के नेतृत्व में प्रदर्शन, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर सहित वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि हुए शामिल
गरियाबंद। महिलाओं के सम्मान, छात्राओं की गरिमा और शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षित वातावरण के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने गरियाबंद में कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा के आह्वान पर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती बिंदु सिन्हा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तिरंगा चौक से रैली निकालकर कांग्रेस भवन का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व प्राध्यापक एवं कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम के विरुद्ध छात्राओं द्वारा लगाए गए कथित यौन दुर्व्यवहार के आरोप रहे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति की जांच के बाद 9 अक्टूबर 2026 को सांसद अकोइजम को प्राध्यापक पद से बर्खास्त कर दिया गया। मामले में छात्राओं की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई है। हालांकि, सांसद ने आरोपों और जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।

महिला सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने उतरी महिला मोर्चा
भाजपा महिला मोर्चा ने इस मामले को महिलाओं की गरिमा और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के महिला अधिकारों और पितृसत्ता के खिलाफ दिए जाने वाले राजनीतिक संदेशों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से अपने सांसद के मामले में स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की।

महिला मोर्चा का कहना था कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ऐसे गंभीर आरोप सामने आने पर निष्पक्ष जांच, जवाबदेही और उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
तिरंगा चौक से कांग्रेस भवन तक निकली रैली
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने तिरंगा चौक से रैली निकालकर कांग्रेस भवन पहुंचकर घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी के विरोध में नारे लगाए गए। प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा ने छात्राओं के सम्मान और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती बिंदु सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा पारस ठाकुर, सरिता वर्मा महिला मोर्चा जिला प्रभारी,जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी,रेखा सोनकर ,मिलेश्वरी साहिब,वरिष्ठ भाजपा नेता बल्देव सिंह हुंदल, जिला महामंत्री आशीष शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव, जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, पार्षद श्रीमती पुष्पा साहू, पार्षद श्रीमती रेणुका साहू, मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, मंडल मंत्री मंजरी गुप्ता, प्रियंका सोनी संतोषी श्रीवास्तव,प्रतिभा पांडे,माही यादव, पुष्पलता सिन्हा सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महिला सुरक्षा और राजनीतिक जवाबदेही पर केंद्रित रहा प्रदर्शन
गरियाबंद में आयोजित इस प्रदर्शन के जरिए भाजपा महिला मोर्चा ने जेएनयू प्रकरण को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही का मुद्दा उठाया। महिला मोर्चा ने महिलाओं के सम्मान, छात्राओं की सुरक्षा और शैक्षणिक संस्थानों में गरिमापूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







