डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
श्रीराम मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा, नगर भ्रमण के बाद मालपुर नर्मदा घाट पर हुआ प्रतिमा विसर्जन; सांस्कृतिक कार्यक्रम और भंडारे का भी आयोजन
शहपुरा। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर शहपुरा नगर में विश्वकर्मा समाज की ओर से श्रद्धा और उत्साह के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और नगरवासी शामिल हुए। भगवान विश्वकर्मा के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ नगर स्थित श्रीराम मंदिर से किया गया। भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा को आकर्षक रूप से सजाकर शोभायात्रा के साथ नगर भ्रमण कराया गया। यात्रा नगर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान श्रद्धालु भगवान विश्वकर्मा के जयकारे लगाते हुए धार्मिक उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह समाज के लोगों और नगरवासियों ने शोभायात्रा में सहभागिता की।
मालपुर नर्मदा घाट पर हुआ प्रतिमा विसर्जन
नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के साथ मालपुर स्थित मां नर्मदा घाट पहुंची। यहां समाज के लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद श्रद्धापूर्वक भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का नर्मदा में विसर्जन किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भंडारे का आयोजन
विश्वकर्मा जयंती समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे आयोजन में विश्वकर्मा समाज के सामाजिक बंधुओं के साथ नगरवासियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और उत्साह के बीच विश्वकर्मा जयंती का आयोजन संपन्न हुआ।







