विधायक रोहित साहू की कांवड़ यात्रा में हजारों शिवभक्त हुए शामिल, जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती से हुआ भव्य स्वागत
राजिम। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को राजिम अंचल भक्ति, आस्था और शिवमय उत्साह में डूबा नजर आया। विधायक रोहित साहू के नेतृत्व में फिंगेश्वर के फणिकेश्वर महादेव से राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित श्री कुलेश्वरनाथ महादेव तक निकली करीब 17 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा में हजारों शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे मार्ग में गूंजते “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
विधायक रोहित साहू ने फिंगेश्वर स्थित फणिकेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद वे अपनी धर्मपत्नी भुनेश्वरी देवी के साथ स्वयं पूरे मार्ग में पैदल चलते रहे। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच हजारों श्रद्धालु कदम से कदम मिलाकर राजिम की ओर बढ़ते रहे।
रास्तेभर हुआ आत्मीय स्वागत
कांवड़ यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं का कारवां और विशाल होता गया। बोरसी, किरवई, कोमा सहित विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं, आरती और पुष्पवर्षा से विधायक एवं कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत किया। महिलाओं और युवाओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाया।
राजिम शहर में प्रवेश करते ही यात्रा ने भव्य रूप ले लिया। शिवाजी चौक एवं पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक पर आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ जोरदार स्वागत हुआ। पूरा शहर कुछ समय के लिए “हर-हर महादेव” के जयकारों से शिवमय हो उठा।
कुलेश्वरनाथ महादेव का किया जलाभिषेक
लक्ष्मण झूला होते हुए विशाल कांवड़ यात्रा त्रिवेणी संगम स्थित श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंची। यहां विधायक रोहित साहू ने पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन किया और कांवड़ के पवित्र जल से जलाभिषेक कर राजिम क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगल कामना की। इसी के साथ 17 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा का भक्तिमय समापन हुआ।
यात्रा में जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू, राजिम नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, जिला भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर साहू, सरपंच संघ जिला अध्यक्ष हरीश साहू, राजिम भक्तिन माता समिति अध्यक्ष लाला साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सरपंच, जनपद सदस्य, पंच, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए।
विधायक बोले—यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, पूरे क्षेत्र की आस्था की यात्रा
विधायक रोहित साहू ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से कांवड़ यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। “यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे राजिम क्षेत्र की आस्था, श्रद्धा और विश्वास की यात्रा है।” उन्होंने यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं, मातृश

क्ति, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
17 किलोमीटर तक दिखाई दिया श्रद्धा का विशाल कारवां, रास्तेभर गूंजते शिवनाम और ग्रामीणों का आत्मीय स्वागत—राजिम की यह कांवड़ यात्रा लंबे समय तक आस्था और भक्ति की यादगार तस्वीर बनकर लोगों के दिलों में अंकित रहेगी।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद







